अमेरिकी महंगाई की मार से क्रिप्टो मार्केट धड़ाम, बिटकॉइन में 6.48 प्रतिशत तक की गिरावट

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। अमेरिकी महंगाई के ऊंचे आंकड़ों और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका के बीच आज क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में भारी गिरावट और बिकवाली का दबाव देखने को मिल रहा है। बाजार में पैनिक सेलिंग हावी होने के कारण मार्केट कैप के लिहाज से शीर्ष 15 में शामिल अधिकांश प्रमुख डिजिटल एसेट्स गहरे लाल निशान में कारोबार कर रही हैं। अमेरिकी स्पॉट बिटकॉइन ईटीएफ से लगातार हो रही पूंजी निकासी और लिवरेज्ड पोजीशन के बड़े पैमाने पर कटने से निवेशकों का मनोबल टूट गया है। इस चौतरफा दबाव की वजह से दुनिया की सबसे बड़ी आभासी मुद्रा बिटकॉइन फिसल कर आज 70 हजार डॉलर के स्तर से भी नीचे आ गई।
क्रिप्टो करेंसी की खरीद बिक्री के लिए अधिकृत एजेंसी कॉयन मार्केट कैप द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार भारतीय समय के अनुसार आज शाम 5:45 बजे तक दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन पिछले 24 घंटे के कारोबार के दौरान 6.48 प्रतिशत तक की भारी गिरावट दर्ज कर चुकी है। इस भारी गिरावट के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिटकॉइन का भाव 69,278.70 डॉलर के स्तर पर आ गया है। इसी तरह दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम भी बिकवाली के भारी दबाव में फंस कर 4.59 प्रतिशत की बड़ी कमजोरी के साथ 1,949.52 डॉलर के भाव पर कारोबार कर रही है।
बिटकॉइन और एथेरियम में आई इस बड़ी गिरावट के बीच शीर्ष 15 में शामिल अन्य प्रमुख ऑल्टकॉइन्स के बाजार में भी मंदी का असर साफ दिखाई दे रहा है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, बीएनबी 4.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 638.56 डॉलर पर आ गया है, जबकि जीकैश 4.08 प्रतिशत टूट कर 947.17 डॉलर के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा मोनेरो 3.91 प्रतिशत फिसल कर 534.37 डॉलर, सोलाना 3.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80.35 डॉलर और डॉगकॉइन 2.86 प्रतिशत की मंदी के साथ 0.06511 डॉलर के भाव पर लाल निशान में बने हुए हैं।
अन्य प्रमुख डिजिटल मुद्राओं की बात करें तो एक्सआरपी भी 2.68 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज करते हुए 1.02 डॉलर के स्तर पर फिसल गया है। इसी तरह हाइपर लिक्विड 1.67 प्रतिशत टूट कर 72.76 डॉलर, ट्रॉन 1.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 0.3120 डॉलर, चेनलिंक 0.97 प्रतिशत कमजोर होकर 9.95 डॉलर और यूनस सेड लियो 0.77 प्रतिशत फिसल कर 9.26 डॉलर के भाव पर कारोबार कर रहे हैं। दूसरी ओर, स्थिर डिजिटल टोकन यानी स्टेबलकॉइन्स में शामिल टेथर 0.9991 डॉलर और यूएसडी कॉइन 0.9998 डॉलर के स्तर पर अपने सीमित दायरे में स्थिर बने हुए हैं।
मार्केट कैपिटलाइजेशन की बात करें तो पिछले 24 घंटे के दौरान डिजिटल एसेट्स के ग्लोबल मार्केट कैपिटलाइजेशन में लगभग 6.98 प्रतिशत तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इसके चलते कुल ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप घट कर 2.40 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर आ गया है। बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिकी डॉलर इंडेक्स के मजबूत होने और ट्रेजरी यील्ड बढ़ने से जोखिम भरे डिजिटल एसेट्स पर दबाव बढ़ा है। विश्लेषकों के अनुसार, शॉर्ट टर्म में बिटकॉइन के लिए 67,900 से 68,000 डॉलर के आसपास एक अहम सपोर्ट बना हुआ है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक