केंद्रीय विश्वविद्यालय का 10वां दीक्षांत समारोह 22 नवंबर को, सीजेआई सूर्यकांत होंगे मुख्य अतिथि

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
धर्मशाला, 12 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का दसवां दीक्षांत समारोह 22 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। समारोह में भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने वीरवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि समारोह की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री भारत सरकार, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को भी समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।
702 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी डिग्रियां
कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह में वर्ष 2024 तक के पात्र विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी और डिप्लोमा के विद्यार्थी शामिल हैं। कुल 702 विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी। इनमें स्नातकोत्तर वर्ग के 584 विद्यार्थी शामिल हैं, जिनमें 288 छात्राएं और 296 छात्र हैं। इसके अलावा स्नातक वर्ग के 70 विद्यार्थियों तथा जनवरी से दिसंबर 2024 के बीच पीएचडी पूरी करने वाले 48 शोधार्थियों को भी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
32 गोल्ड मेडल में 23 छात्राओं के नाम
समारोह के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को कुल 32 गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे। इनमें 23 छात्राएं और 9 छात्र शामिल हैं। कुलपति प्रो. बंसल ने कहा कि विश्वविद्यालय के अधिकांश विभागों में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किए हैं। यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है कि बेटियां शिक्षा और अकादमिक उपलब्धियों के क्षेत्र में लगातार नए मुकाम हासिल कर रही हैं।
21 नवंबर को होगा पूर्वाभ्यास
मुख्य समारोह से एक दिन पहले 21 नवंबर को दोपहर 2 बजे विद्यार्थियों के लिए पूर्वाभ्यास आयोजित किया जाएगा। कुलपति ने बताया कि इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल शुरू कर दिया गया है। अब तक करीब 450 विद्यार्थियों ने समारोह में शामिल होने की सहमति दी है। विद्यार्थियों में दीक्षांत समारोह को लेकर खासा उत्साह है।
विद्यार्थियों के लिए निर्धारित किया ड्रेस कोड
दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। छात्राएं सुनहरे बॉर्डर वाली सफेद सलवार-कमीज अथवा साड़ी के साथ काले जूते या सैंडल पहनेंगी। वहीं, छात्रों के लिए पूरी आस्तीन का सफेद कुर्ता-पायजामा और काले जूते निर्धारित किए गए हैं। पारंपरिक पगड़ी पहनने वाले विद्यार्थियों को भी निर्धारित रंगों का पालन करना होगा।
'लोकल टू ग्लोबल' के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा विश्वविद्यालय
पत्रकार वार्ता के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कार्यभार संभालने के समय उन्होंने 'लोकल टू ग्लोबल' का संकल्प लिया था। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर विश्वविद्यालय की जड़ों को मजबूत करते हुए उसे वैश्विक पहचान दिलाना था।
कुलपति ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, दलाई लामा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और देश के उपराष्ट्रपति सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां पहले भी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोहों में शामिल हो चुकी हैं। अब भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की उपस्थिति दसवें दीक्षांत समारोह को और भी खास बनाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला