काशी तमिल संगमम 5.0 से पहले BHU में सजेगा सांस्कृतिक गतिविधियों का मंच, ‘रन फॉर केटीएस’ में दौड़ेगा बनारस

भजन क्लबिंग, नुक्कड़ नाटक, रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिताओं से काशी-तमिलनाडु की विरासत से रूबरू होंगे युवा, 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक होगा मुख्य आयोजन
वाराणसी। काशी और तमिलनाडु की प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ज्ञान परंपराओं को जोड़ने वाले काशी तमिल संगमम 5.0 की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य आयोजन से पहले काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां शुरू की जाएंगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और शहरवासियों को काशी तथा तमिलनाडु की साझा विरासत से जोड़ने की पहल की जा रही है। कार्यक्रमों में भजन क्लबिंग, नुक्कड़ नाटक, रंगोली, पोस्टर प्रतियोगिता और रन फॉर केटीएस प्रमुख आकर्षण होंगे।
काशी तमिल संगमम 5.0 का मुख्य आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में प्रस्तावित है। इससे पहले बीएचयू परिसर और शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर प्री-इवेंट गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनका उद्देश्य दोनों क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करना है।
भजन क्लबिंग और नुक्कड़ नाटक से दिखेगी सांस्कृतिक एकता
प्री-इवेंट कार्यक्रमों के तहत संध्या भजन यानी भजन क्लबिंग का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें काशी और तमिलनाडु की भक्ति परंपराओं को संगीत के माध्यम से एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इसके लिए बीएचयू परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर अथवा अन्य उपयुक्त स्थलों का चयन किया जाएगा। वहीं नुक्कड़ नाटकों के जरिए दोनों क्षेत्रों की साझा संस्कृति, विरासत और सामाजिक विषयों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इनका मंचन विश्वविद्यालय परिसर, घाटों और शहर के सार्वजनिक स्थलों पर प्रस्तावित है।
रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिताओं में दिखेगी प्रतिभा
विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें काशी और तमिलनाडु की संस्कृति, परंपराओं और एकता को विषय बनाया जाएगा। इसके अलावा इंस्टॉलेशन आर्ट और कलात्मक प्रदर्शनियों के माध्यम से भी सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने की योजना है।
‘रन फॉर केटीएस’ से मिलेगा एकता और फिटनेस का संदेश
युवाओं के साथ आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए रन फॉर केटीएस 5.0 आयोजित करने की तैयारी है। संभावित रूप से इसकी शुरुआत बीएचयू परिसर से होगी। दौड़ के माध्यम से एकता, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक जुड़ाव का संदेश दिया जाएगा।
तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से जुड़ेंगे युवा
इस वर्ष संगमम की प्रमुख थीम ‘तिरुक्कुरल पयिलवोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें’ रखी गई है। इसके तहत विद्यार्थियों को तमिल के प्राचीन ग्रंथ तिरुक्कुरल की नैतिक शिक्षाओं और जीवन मूल्यों से परिचित कराया जाएगा। आयोजकों का प्रयास है कि काशी तमिल संगमम केवल सांस्कृतिक उत्सव न रहकर दोनों क्षेत्रों की साझा विरासत और ज्ञान परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बने।