बनारस स्टेशन पर पकड़ा गया शातिर तस्कर, अंग्रेजी शराब बरामद, बिहार ले जा रहा था खेप

वाराणसी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट बनारस की टीम ने गुरुवार को शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 7.5 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। पकड़ा गया युवक बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला है। उसके पास मौजूद पिठ्ठू बैग की तलाशी लेने पर सिग्नेचर ब्रांड की 750-750 मिलीलीटर की 10 बोतलें बरामद हुईं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 8500 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त और सहायक सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में बनारस पोस्ट की टीम रेलवे परिसर में आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान 12 नवंबर को शाम 6:09 बजे बनारस यार्ड में मड़ुआडीह आरओबी के नीचे वाराणसी छोर पर एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। उसके पिठ्ठू बैग से अंग्रेजी शराब की 10 बोतलें बरामद हुईं।
बिहार के समस्तीपुर का निवासी है आरोपी
गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल कुमार मुखिया (25) पुत्र शिवजी मुखिया निवासी वार्ड नंबर 22, मांडवाड़ा, थाना सिंघिया, जिला समस्तीपुर (बिहार) के रूप में हुई। आरपीएफ ने आरोपी और बरामद शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) कैंट वाराणसी के सुपुर्द कर दिया।
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
जीआरपी में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 364/26 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच एसआई श्रीकांत यादव, जीआरपी/ओपी/काशी को सौंपी गई है। इस कार्रवाई में आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार, जीआरपी के एसआई अशोक कुमार ओझा, एएसआई आलोक विजय, एएसआई गणेश राम, हेड कांस्टेबल रामजीत यादव और कांस्टेबल विनोद यादव शामिल रहे।