Live VNS

करंट लगने से संविदाकर्मी की मौत

करंट लगने से संविदाकर्मी की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हाथरस, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र में गुरुवार दोपहर हाईटेंशन विद्युत लाइन पर काम करते समय करंट लगने से संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। हादसा कजरौठी और पोदा गांव के बीच हुआ। साथी कर्मचारी उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ऊंचागांव निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र बलवीर सिंह रसमई बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन के पद पर तैनात था। गुरुवार दोपहर वह कजरौठी और पोदा गांव के बीच विद्युत लाइन पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद साथी कर्मचारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। साथी की मौत से कर्मचारियों में शोक के साथ आक्रोश भी है। उन्होंने कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों और विद्युत अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

सूचना पर ऊंचागांव चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और कर्मचारियों से घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…