कैथल: मोबाइल एप डाउनलोड करवाकर प्रॉपर्टी डीलर के क्रेडिट कार्ड से 1.19 लाख ठगे
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कैथल, 18 नवंबर (हि.स.)। साइबर ठग ने प्रॉपर्टी डीलर के मोबाइल में एप डाउनलोड करवाकर उसके क्रेडिट कार्ड से एक लाख 19 हजार 600 रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिए। आरोपी ने पहले पीड़ित की बैंक एप डिलीट करवाई और फिर नई एप डाउनलोड करवाने के बहाने ठगी की। पीड़ित को तीन दिन बाद क्रेडिट कार्ड की हिस्ट्री चेक करने पर रकम कटने का पता चला। जबकि उसके क्रेडिट कार्ड की लिमिट 45 हजार रुपये थी। शिकायत मिलने पर साइबर थाना पुलिस ने बुधवार काे आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव ब्राह्मणीवाला निवासी राजेन्द्र कुमार ने साइबर थाना में दी शिकायत में बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। उसने करीब तीन साल पहले एक बैंक का क्रेडिट कार्ड बनवाया था, जिसकी लिमिट 45 हजार रुपये थी। वह इसी खाते से संबंधित ऑनलाइन बैंकिंग एप का इस्तेमाल करता था। कुछ दिन पहले उसके मोबाइल में बैंक की एप काम नहीं कर रही थी। इस पर उसने क्रेडिट कार्ड पर अंकित टोल फ्री नंबर पर संपर्क किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने उसे बैंक की एप डिलीट करके दोबारा डाउनलोड करने की सलाह दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने पुरानी एप डिलीट कर नई एप डाउनलोड की और हिस्ट्री चेक की। इस दौरान पता चला कि तीन दिन के भीतर उसके क्रेडिट कार्ड से एक लाख 19 हजार 600 रुपये से अधिक की रकम निकाल ली गई थी। जबकि कार्ड की लिमिट केवल 45 हजार रुपये थी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि अज्ञात व्यक्ति ने एप डाउनलोड करवाने के बहाने उसके साथ धोखाधड़ी की। उसने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी गई रकम वापस दिलवाने की मांग की है। साइबर थाना के जांच अधिकारी अमृत लाल ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को शिकायत मिली है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे