दमोह: मारपीट के डर से चलती ट्रेन से कूदे दंपती, ढाई साल की बेटी काे साथ लेकर लगाई छलांग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
दमोह, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमाेह जिले में दमोह-कटनी रेलमार्ग पर शनिवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। गुना जिले के एक दंपती ने कथित तौर पर मारपीट करने वाले लोगों से बचने के डर में अपनी दो बेटियों के साथ चलती दयोदय एक्सप्रेस से छलांग लगा दी।
हादसा बांदकपुर रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ। इसमें पति-पत्नी और उनके साथ मौजूद ढाई साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बेटी ट्रेन में ही छूट गई। सूचना मिलने पर आरपीएफ ने घायलों को एंबुलेंस से दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, कटनी आरपीएफ ने ट्रेन में अकेली मिली बच्ची को सुरक्षित उतार लिया।
घायलों की पहचान गुना जिले के आरोन निवासी भगीरथ आदिवासी (29), उनकी पत्नी सविता आदिवासी (22) और बेटी रितिका के रूप में हुई है। अस्पताल में भर्ती सविता ने बताया कि वह पति और दोनों बेटियों के साथ अशोकनगर स्थित मायके से लौट रही थीं। परिवार को आरोन जाना था। इसके लिए वे गुना रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। सविता के मुताबिक, स्टेशन पर कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि उन लोगों ने परिवार के साथ मारपीट की। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर ट्रेन आई तो वे दोनों बेटियों के साथ उसमें सवार हो गए। उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि ट्रेन दमोह की ओर जा रही है।
बांदकपुर के पास चलती ट्रेन से कूदे
सविता ने बताया कि सफर के दौरान उन्हें मारपीट करने वाले लोग और उनके कुछ साथी फिर दिखाई दिए। इससे परिवार घबरा गया। उन्हें आशंका हुई कि वे लोग दोबारा हमला कर सकते हैं। इसी डर के चलते बांदकपुर के पास उन्होंने अपनी एक बेटी को साथ लेकर चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस दौरान दूसरी बेटी ट्रेन में ही रह गई। हादसे में तीनों घायल हो गए।
कटनी स्टेशन पर सुरक्षित मिली दूसरी बेटी
घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद ट्रेन में अकेली छूटी बच्ची के बारे में कटनी आरपीएफ को सूचना दी गई। कटनी आरपीएफ ने सुबह करीब 8:30 बजे जनरल कोच से बच्ची को सुरक्षित उतार लिया। प्रधान आरक्षक पूनम भंडारी और कृष्ण स्नेही पांडे बच्ची को लेकर दमोह पहुंचे। फिलहाल बाल कल्याण समिति के माध्यम से उसे नाना-नानी के सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है। घायलों ने बताया कि वे मारपीट करने वाले लोगों को नहीं जानते और उनकी पहचान भी नहीं कर पाए हैं। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जानकारी जुटा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे