Live VNS

दरभंगा में सिर एवं गर्दन के कैंसर के इलाज के लिए खुलेगा विशेष अस्पताल

दरभंगा में सिर एवं गर्दन के कैंसर के इलाज के लिए खुलेगा विशेष अस्पताल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

दरभंगा, 18 नवंबर (हि.स.)। कैंसर मरीजों को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। बिहार कैबिनेट ने गंगवारा स्थित सदर अस्पताल परिसर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर के माध्यम से सिर एवं गर्दन के कैंसर के उपचार के लिए विशेष अस्पताल के संचालन को मंजूरी दे दी है।

इस निर्णय पर स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे दरभंगा सहित मिथिला और आसपास के जिलों के कैंसर मरीजों को अपने क्षेत्र में ही विशेषज्ञ इलाज की सुविधा मिलेगी। अब उन्हें उपचार के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों के समय, श्रम और आर्थिक संसाधनों की भी बचत होगी।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है। डीएमसीएच, सुपरस्पेशलिटी अस्पताल और अब कैंसर अस्पताल की स्वीकृति दरभंगा को चिकित्सा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन दरभंगा एम्स के शुरू होने के बाद मिथिला क्षेत्र में आधुनिक एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का और विस्तार होगा। इससे दरभंगा न केवल उत्तर बिहार बल्कि पूरे मिथिलांचल के लिए एक प्रमुख चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…