Live VNS

झिड़ी मेले के 23 नवंबर को उद्घाटन से पहले डीसी मिंगा शेरपा ने तैयारियों का जायजा लिया

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जम्मू,, 22 नवंबर (हि.स.)।

जम्मू में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध झिड़ी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मेले के 23 नवंबर को होने वाले उद्घाटन से पहले डिप्टी कमिश्नर जम्मू मिंगा शेरपा ने अधिकारियों की टीम के साथ मेला ग्राउंड का दौरा कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाबा जीतो मंदिर परिसर में सजावट, लाइटिंग, शौचालयों की साफ-सफाई, पीने के पानी और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घाटन से पहले सभी अधूरे काम पूरे किए जाएं, ताकि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने जॉइंट कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए पूरे मेला क्षेत्र की सीसीटीवी के जरिए लगातार निगरानी करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, ट्रैफिक जाम से बचने के लिए छोटे और बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं। डीसी ने बताया कि पुलिस, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सफाई विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में मेले में पहुंचकर बाबा जीतो के दर्शन करने की अपील की और भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से उनकी सुविधा और सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…