अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो गंभीर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बहराइच, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र में ऐनी टोल प्लाजा के पास शुक्रवार शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों की गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के कोरिमऊ गांव निवासी चंदन (30), बेड़नापुर के केशवापुर निवासी अभय (28) और रसूलपुर सरैया निवासी रामकिशन (20) शुक्रवार को बाइक से डीजे का सामान लेने कैसरगंज जा रहे थे। शाम करीब चार बजे ऐनी टोल प्लाजा के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीआरवी की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी कैसरगंज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने चंदन को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभय और रामकिशन को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कैसरगंज थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना के बाद फरार हुए वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA