Live VNS

जबलपुर : कोदो की रोटी खाने के बाद एक ही परिवार के सात लोग बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका

जबलपुर : कोदो की रोटी खाने के बाद एक ही परिवार के सात लोग बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जबलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा के समीपस्थ ग्राम मोहसाम में कोदो के आटे से बनी रोटी खाने के बाद एक ही परिवार के सात सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात भोजन करने के करीब एक घंटे बाद सभी को अचानक उल्टियां होने लगीं। हालत गंभीर होने पर ग्रामीणों ने सभी को सिहोरा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

बीमार होने वालों में रोजी बी (18), शेख सिकन्दर (85), रवीना (38), सुमबी बी (62), रुखसार (20), इकसार (40) और शबनम (8) शामिल हैं। बताया गया है कि भोजन करने के कुछ ही देर बाद परिवार के सभी सदस्यों की तबीयत एक साथ बिगड़ने लगी और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं।

दो की हालत अत्यंत गंभीर, चिकित्सकों ने किया रेफर

सिहोरा के शासकीय अस्पताल में रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. एहतिशाम अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर जहरीले अनाज के सेवन की आशंका है। सातों मरीजों को उल्टियां हो रही थीं। इनमें दो की हालत अत्यंत गंभीर थी, जबकि अन्य पांच की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई थी। मरीजों की हालत इतनी खराब थी कि वे ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। चिकित्सकीय टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया और सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

कोदो के आटे में विषाक्तता की आशंका

ग्रामीणों के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने रात के भोजन में कोदो के आटे से बनी रोटियां खाई थीं। इसके करीब एक घंटे बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई। इसी आधार पर कोदो के आटे में किसी प्रकार के विषैले पदार्थ की मौजूदगी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में अनाज को सुरक्षित रखने के लिए कई बार कीटनाशकों का इस्तेमाल किया जाता है। यदि अनाज को उचित तरीके से साफ किए बिना या उसमें मौजूद कीटनाशकों के अवशेष हटाए बिना पिसाई कराई जाए तो उसके सेवन से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। हालांकि, मोहसाम की इस घटना में विषाक्तता का स्रोत क्या था, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

एक ही परिवार के सात सदस्यों के एक साथ बीमार पड़ने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। सभी को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के बाद गांव के लोग उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…