Live VNS

सुल्तानगंज फोरलेन पर भीषण हादसा: खड़े ट्रक में घुसा इंडियन ऑयल का टैंकर, चालक की मौत

सुल्तानगंज फोरलेन पर भीषण हादसा: खड़े ट्रक में घुसा इंडियन ऑयल का टैंकर, चालक की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भागलपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगटी स्थित बाबा फूड प्लाजा के समीप बीते देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे पहले से खड़े गिट्टी लदे ट्रक में पीछे से आ रहे इंडियन ऑयल के एक टैंकर (ट्रक) ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के केबिन में ही फंस गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 11:40 बजे घटित हुई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और तत्काल इसकी सूचना सुल्तानगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंसे चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। मृतक चालक की पहचान बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबा गांव निवासी संतलाल महतो के पुत्र प्रमोद महतो के रूप में हुई है। घटना की सूचना पाकर पहुंचे मृतक के साले राजेश कुमार ने बताया कि प्रमोद महतो शुक्रवार को बरौनी डिपो से पेट्रोल लेकर निकले थे। बांका जिले के भगवानपुर-धोरैया स्थित 'मां गायत्री फ्यूल' पर तेल खाली करने के बाद वह वापस अपने घर बेगूसराय लौट रहे थे। इसी क्रम में सुल्तानगंज के समीप यह हादसा हो गया। परिजन ने बताया कि प्रमोद महतो पिछले करीब 15 वर्षों से ट्रक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। वह अपने पीछे दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं। हादसे की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव अंबा पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक झटके में चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठने और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य के चले जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ने और रात के समय सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। फिलहाल, सुल्तानगंज थाना पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और हादसे के सटीक कारणों की जांच में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…