Live VNS

खाई में गिरी बोलेरो, बच्ची समेत दो की मौत, पांच घायल

खाई में गिरी बोलेरो, बच्ची समेत दो की मौत, पांच घायल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के देहरादून जिले में कोटी रोड पर धमोग मंदिर के पास गुरुवार को एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 15 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दो वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।

राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के अनुसार, वाहन हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से विकासनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान धमोग मंदिर के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। वाहन में कुल सात लोग सवार थे।

सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और कालसी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने सभी सात लोगों को खाई से बाहर निकाला। घायलों को 108 एम्बुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी पहुंचाया गया। हादसे में नेपाल के अछाम जिले के ढकारी निवासी नरबहादुर (52) और दो वर्षीय राधिका की मौत हो गई। घायलों में वाहन चालक चमन लाल (45), डम्मल (32), उर्मिला (30), नीशा (14) और पांच वर्षीय प्रदीप शामिल हैं। सभी घायल नेपाल के अछाम जिले के निवासी हैं, जबकि चालक हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले का रहने वाला है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…