Live VNS

दिल्ली के छठ घाटों पर पहुंचने लगे व्रती, उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपूर्ण होगा लोक आस्था का महापर्व

दिल्ली के छठ घाटों पर पहुंचने लगे व्रती, उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपूर्ण होगा लोक आस्था का महापर्व

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। सारे देश में नहाय- खाय के साथ 13 नवंबर को शुरू चार दिवसीय छठ महापर्व आज उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपूर्ण हो जाएगा। इस अवसर पर ठेकुआ प्रसाद का वितरण किया जाएगा। 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाले उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद अपना अनुष्ठान पूरा करते हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी समेत तमाम जलाशयों में इसके लिए जरूरी बंदोबस्त किए गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस महापर्व में शामिल हो रही हैं।

घाटों पर प्रसाद वितरण के साथ बिहार और झारखंड की संस्कृति से खास तौर पर जुड़े सूर्य उपासना का चार विशेष अनुष्ठान और लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन हो जाएगा। इस महापर्व के समापन की पूर्व संध्या पर (तीसरे दिन) श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर यानी डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया।

दिल्ली में यमुना के सभी छठ घाटों के संवेदनशील स्थानों पर गोताखोर तैनात किए गए हैं। आज उगते सूर्य को अर्घ्य देने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेट्रो सुबह 4:30 बजे से दौड़ने लगी है। आम दिनों में मेट्रो का परिचालन सुबह छह बजे शुरू होता है। आज राजधानी में सूर्योदय सुबह 6:43 बजे होगा।

सुरक्षा व्यवस्था में दिल्ली पुलिस के जवानों के अलावा होमगार्ड, सिविल डिफेंस और एडीआरएफ की टीमों को भी शामिल किया गया। घाटों पर लगे सीसीटीवी के जरिये नजर रखी जा रही है। इसके लिए नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है। घाटों के प्रवेश और निकास द्वार पर विशेष निगरानी रखी गई। कल शाम की तरह आज 11 किलोमीटर लंबे मुनक नहर छठ घाट के अलावा यमुना नदी के दोनों किनारों पर बनाए गए छठ घाटों पर व्रती उगते हुए सूर्य भगवान को अर्घ्य देने के लिए पहुंचने लगे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…