दिल्ली में जुटेंगे देशभर के हुनरमंद कारीगर, 27 नवंबर से सजेगा हस्तशिल्प और कला का बाजार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। 'कारीगर बाजार' के दूसरे संस्करण का आयोजन 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक यहां के लोधी रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा। दस दिन के इस आयोजन में 26 से अधिक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 250 से अधिक कारीगर और शिल्पकार अपनी कला एवं हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।
इनमें राष्ट्रीय पुरस्कार और संत कबीर पुरस्कार से सम्मानित शिल्पकारों के साथ जीआई टैग प्राप्त कला के विशेषज्ञ, पारंपरिक बुनकर, महिला कारीगर, स्वयं सहायता समूह और उभरते हुए उद्यमी शामिल होंगे।
बाजार में बनारसी, चंदेरी, महेश्वरी और इकत जैसे पारंपरिक वस्त्रों के साथ ब्लॉक प्रिंटिंग, चिकनकारी, कच्छ कढ़ाई, मधुबनी, गोंड चित्रकला, टेराकोटा, ब्लू पॉटरी, धातु एवं लकड़ी की नक्काशी, पारंपरिक आभूषण और पर्यावरण अनुकूल हस्तशिल्प उत्पादों की विविधता देखने को मिलेगी।
इस बार ‘कारीगर एक्सपीरियंस सेंटर’ भी विशेष आकर्षण होगा, जहां आगंतुक बुनाई, कढ़ाई, मिट्टी के बर्तन बनाने, चित्रकला और नक्काशी जैसी पारंपरिक कलाओं का लाइव प्रदर्शन देख सकेंगे। इसका उद्देश्य लोगों को उत्पादों के साथ-साथ उनके पीछे की कला, तकनीक और कारीगरों की पीढ़ियों से चली आ रही विरासत से जोड़ना है।
कारीगर बाजार के निदेशक एवं सह-संस्थापक आमिर खान ने कहा कि पिछले संस्करण को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के बाद इस बार आयोजन को और व्यापक स्वरूप दिया गया है। मंच का उद्देश्य कारीगरों को पहचान और बाजार उपलब्ध कराना तथा उन्हें सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ना है।
निदेशक एवं सह-संस्थापक पंकज सिंह राणा ने कहा कि कारीगर बाजार के माध्यम से देश की विविध शिल्प परंपराओं को व्यापक पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं से लेकर छोटे कारीगर समूहों और महिला स्वयं सहायता समूहों तक, सभी को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी