Live VNS

(अपडेट)मुनक नहर पर 11 किमी लंबे छठ घाट का उद्घाटन, पूर्वांचल समाज को मिली बड़ी सौगात

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया उद्घाटन

नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को उत्तरी दिल्ली स्थित मुनक नहर के दोनों किनारों पर विकसित 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। छठ महापर्व से पहले दिल्ली सरकार की ओर से पूर्वांचल समाज और छठ व्रतियों को यह बड़ी सौगात दी गई है। इस घाट के शुरू होने से श्रद्धालु बेहतर और व्यवस्थित सुविधाओं के बीच छठ पूजा कर सकेंगे।

करीब 115.29 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही इस परियोजना के तहत मुनक नहर के दोनों ओर लगभग 11 किलोमीटर लंबे क्षेत्र का पुनर्विकास किया जा रहा है। इसमें छठ घाट निर्माण के साथ सर्विस रोड, पुलों का निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और नहर का सौंदर्यीकरण सहित सात प्रमुख विकास कार्य शामिल हैं। घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीढ़ियां, प्रकाश व्यवस्था, पार्क और अन्य जनसुविधाएं भी विकसित की गई हैं। यहां छठ पूजा के अलावा दुर्गा पूजा और गणेश पूजा जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन ने कहा कि छठ महापर्व से ठीक पहले दिल्ली सरकार ने छठ व्रतियों और पूर्वांचल समाज को बड़ी सौगात दी है। यह घाट केवल धार्मिक आयोजन का केंद्र नहीं, बल्कि आस्था, पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक एकता का प्रतीक है। छठ पर्व में अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। यह पर्व समाज में समानता और सामूहिकता की भावना को मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल और बिहार के लोग अपने श्रम एवं समर्पण से देश के विभिन्न राज्यों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। दिल्ली सरकार ने मुनक नहर पर छठ घाट विकसित कर उनकी आस्था, पूजा-पद्धति और सांस्कृतिक पहचान को सम्मान दिया है। अब पूर्वांचल समाज के लोग पूरे सम्मान और सुविधाओं के साथ छठ महापर्व मना सकेंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर का यह क्षेत्र वर्षों से उपेक्षित था और यहां बेहतर सुविधाओं से युक्त छठ घाट विकसित करने की लंबे समय से मांग की जा रही थी। भाजपा सरकार बनने के बाद इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में दिल्ली के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लगभग 115 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस बार दिल्ली में छठ महापर्व का आयोजन पिछले वर्ष से भी अधिक भव्य और दिव्य होगा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं के साथ पर्व मनाएंगी और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करेंगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि मुनक नहर पर 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का विकास दिल्ली के बुनियादी ढांचे के साथ सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। यह पूर्वांचल समाज की आस्था और भावनाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है। अब छठ व्रती माताएं और बहनें पूरे सम्मान, सुविधा और गरिमा के साथ छठी मैया को अर्घ्य अर्पित कर सकेंगी। यह स्थल पूरे वर्ष सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।

सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि मुनक नहर पर विकसित यह 11 किलोमीटर लंबा घाट दिल्ली का सबसे लंबा छठ घाट है। नहर के किनारे विकसित होने वाला यह देश में अपनी तरह का पहला घाट है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचली समाज ने अपनी मेहनत और पसीने से दिल्ली के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में छठ व्रतियों को सम्मान और गरिमा के साथ पूजा करने की सुविधा मिलना उनका अधिकार है।

दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और जनता के एक वोट की ताकत से दिल्ली में 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का निर्माण संभव हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान यमुना किनारे छठ पूजा पर प्रतिबंध लगाया गया था और श्रद्धालुओं को पूजा करने से रोका गया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में इस बार दिल्ली में 1,400 घाटों पर छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं।

कार्यक्रम में सांसद प्रवीण खंडेलवाल, दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, विधायकगण और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…