राजगढ़ः पटाखों जैसी आवाज निकालती बाइक और हूटर के शोर से परेशान रहवासी, पुलिस चाैकी की मांग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
राजगढ़, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में अपना नगर मुख्य मार्ग पर कुछ युवकों की गतिविधियों से परेशान रहवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने रविवार को शहर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर मार्ग पर स्थायी पुलिस चैकी स्थापित करने और नियमित पुलिस गश्त शुरू कराने की मांग की।
रहवासियों ने आवेदन में बताया कि मुख्य मार्ग पर कुछ युवक तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइक और बुलेट लेकर घूमते हैं। इन वाहनों के साइलेंसर से पटाखों जैसी तेज आवाज निकलती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों के साथ राहगीरों को भी परेशानी होती है। इसके अलावा कुछ लोग निजी वाहनों में अवैध रूप से हूटर लगाकर तेज आवाज में बजाते हैं। इससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। तेज रफ्तार से हादसों का बना रहता है खतरा क्षेत्रवासियों का कहना है कि कुछ युवक मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए शोर-शराबा और हुड़दंग करते हैं। इस मार्ग से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी नियमित रूप से गुजरते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
रहवासियों ने बताया कि शाम और रात के समय ऐसी गतिविधियां अधिक परेशानी का कारण बनती हैं।रात में गश्त बढ़ाने की मांग रहवासियों ने पुलिस से शाम और रात के समय निगरानी बढ़ाने, मॉडिफाइड साइलेंसर और अवैध हूटर लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा हुड़दंग करने वाले युवकों पर कानूनी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही अपना नगर मुख्य मार्ग पर स्थायी पुलिस चैकी स्थापित करने की मांग रखी, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और लोगों को राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक