देवरिया : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 178 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- 166 हिंदू और 12 मुस्लिम जोड़े विवाह बंधन में बंधे, कृषि मंत्री ने दिया आशीर्वाद
देवरिया, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में रामपुर कारखाना क्षेत्र के कुशहरी महोत्सव प्रांगण में रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 178 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 166 हिंदू और 12 मुस्लिम जोड़े विवाह बंधन में बंधे। वैदिक मंत्रोच्चार और रीति-रिवाजों के बीच नवदंपतियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही और पूर्व सांसद डॉ. रमापति त्रिपाठी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की। इस दौरान रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र कुमार चौरसिया, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मारकंडेय शाही, जिला उपाध्यक्ष नागेश मणि, सत्यप्रकाश शाही, सिद्धिविनायक गोंड, नीरज श्रीवास्तव, बलराम सिंह, रितेश पांडेय, अमित कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय और संबंधित खंड विकास अधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्था में सहभागिता की। कुशहरी महोत्सव के अध्यक्ष रितेश पांडेय भी उपस्थित रहे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए संचालित है। योजना का लाभ सभी वर्गों के उन परिवारों को दिया जाता है, जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में अंतरित किए जाते हैं, जबकि 21 हजार रुपये की गृहस्थी की सामग्री दी जाती है। शेष 15 हजार रुपये विवाह समारोह के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक