Live VNS

देवरिया : जनगणना ड्यूटी से इनकार करने वाले 19 कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई

देवरिया : जनगणना ड्यूटी से इनकार करने वाले 19 कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- बेसिक शिक्षा विभाग के कर्मचारियों पर असहयोग का आरोप, सदर कोतवाली में कार्रवाई के लिए पत्र

देवरिया, 24 नवंबर (हि.स.)। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के कार्यों में ड्यूटी करने से इनकार करने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के 19 कर्मचारियों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज प्रकाश राठौर ने संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय, अनुशासनात्मक और वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के 19 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। आरोप है कि इन कर्मचारियों ने ड्यूटी पत्र प्राप्त करने और सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने से इनकार कर दिया। कर्मचारियों के इस रवैये से जनगणना कार्यों के सुचारू और समयबद्ध संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उत्तर प्रदेश कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। इसके अलावा जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभाग से की गई कार्रवाई की विस्तृत आख्या तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है।

इसी क्रम में नगर पालिका परिषद देवरिया क्षेत्र में जनगणना ड्यूटी से बचने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के 19 कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए अधिशासी अधिकारी ने सदर कोतवाली को पत्र भेजा है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनगणना कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के लिए संबंधित कर्मचारियों से सौंपे गए दायित्वों का पालन सुनिश्चित कराने की कार्रवाई की जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…