देवरिया : मतदाता पुनरीक्षण की जमीनी हकीकत परखने बूथों पर पहुंचे डीएम

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
देवरिया, 28 नवंबर (हि.स.)। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध और समावेशी बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज स्थित मतदेय स्थल संख्या 246 से 252 तथा प्राथमिक विद्यालय सोनू घाट स्थित मतदेय स्थल संख्या 37 और 38 का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नामों में संशोधन और प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित बीएलओ से अब तक प्राप्त प्रपत्रों और उनके निस्तारण की जानकारी लेते हुए अभियान के दौरान किए जा रहे कार्यों को परखा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पुनरीक्षण अभियान के तहत प्राप्त सभी प्रपत्रों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परीक्षण किया जाए और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से उन युवाओं और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया, जो अभी तक किसी कारणवश सूची में दर्ज नहीं हो सके हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और समावेशिता निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी और बीएलओ पूरी जिम्मेदारी तथा गंभीरता के साथ अभियान का संचालन करें। किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूटना नहीं चाहिए, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही न बरतने और अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक