Live VNS

Dev Deepawali: 51 हजार दीपों से जगमगाया दशाश्वमेध घाट, 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने की मां गंगा की महाआरती, अमर बलिदानियों की स्मृति में गूंजा शौर्य और राष्ट्रभक्ति का जयघोष

Dev Deepawali: 51 हजार दीपों से जगमगाया दशाश्वमेध घाट, 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने की मां गंगा की महाआरती, अमर बलिदानियों की स्मृति में गूंजा शौर्य और राष्ट्रभक्ति का जयघोष

BK Pathak ·

चार अमर बलिदानियों के परिजनों को मिला 'भगीरथ शौर्य सम्मान', बच्चों की 12वीं तक की पढ़ाई का खर्च उठाएगी गंगा सेवा निधि

20 फीट ऊंची अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति बनी आकर्षण का केंद्र, सेना के बैंड की धुन पर जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

पद्मश्री अनूप जलोटा की स्वरांजलि और 4 मिनट 21 सेकेंड के शंखनाद से गूंजा गंगा तट

वाराणसी। आस्था के दीपों से जगमगाती काशी, गंगा की लहरों पर झिलमिलाती रोशनी, शंखनाद की गूंज और अमर बलिदानियों के सम्मान में उठता राष्ट्रभक्ति का स्वर...। देवाधिदेव महादेव की नगरी में देव दीपावली की शाम इस बार केवल आध्यात्मिक उल्लास तक सीमित नहीं रही, बल्कि सनातन संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और शहीदों के सम्मान का भी भव्य संदेश दे गई। विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित देव दीपावली महोत्सव में 51 हजार दीपों की रोशनी और 21 अर्चकों व 42 देव कन्याओं की भव्य महाआरती ने ऐसा दिव्य दृश्य रचा कि गंगा तट पर मौजूद लाखों श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। आयोजन मां गंगा की आराधना के साथ आध्यात्मिकता और राष्ट्रवाद को समर्पित रहा।

घाट पर 21 कुंतल फूल-मालाओं से की गई आकर्षक सजावट और 51 हजार दीपों की जगमगाहट ने दशाश्वमेध घाट के साथ आसपास के घाटों को भी रोशनी के महासागर में बदल दिया। घाट के सामने स्थापित 20 फीट ऊंची अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति आयोजन का विशेष आकर्षण रही। इसकी लौ के सामने श्रद्धालुओं ने देश के अमर बलिदानियों को नमन किया।

अमर जवान ज्योति पर पुष्पांजलि, सेना के बैंड ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

देव दीपावली महोत्सव में राष्ट्रभक्ति का विशेष अध्याय तब जुड़ा, जब अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति पर अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र, संस्था के सदस्यों और विभिन्न सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सपूतों को नमन किया।

आरपीएफ (एनईआर) वाराणसी सिटी की इंस्पेक्टर भुवनेश्वरी, 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ के कमांडेंट अनुप सिंह बिष्ट, 95वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर, एयर कमोडोर सुरेंद्र मलिक और 39 जीटीसी के ब्रिगेडियर जयदीप चंदा की ओर से भी श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद 39 जीटीसी के सैन्य बैंड की धुन पर जवानों ने लास्ट पोस्ट और गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। पूरे वातावरण में राष्ट्रभक्ति और शौर्य का भाव गूंज उठा।

चार अमर बलिदानियों के परिवारों को भगीरथ शौर्य सम्मान

महोत्सव का सबसे भावुक क्षण वह रहा, जब देश की रक्षा और सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले चार जवानों के परिवारों को सम्मानित किया गया। गंगा सेवा निधि की ओर से रेलवे सुरक्षा बल के अमर बलिदानी कांस्टेबल उताउर रहमान खान और कांस्टेबल कोलाहल यादव तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अमर बलिदानी शशिकांत सिंह और रामबिलास सिंह यादव के परिजनों को 'भगीरथ शौर्य सम्मान' प्रदान किया गया। प्रत्येक परिवार को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी दिया गया।

संस्था ने इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि सम्मानित अमर बलिदानियों के बच्चों की कक्षा छह से 12वीं तक की पूरी शैक्षणिक पढ़ाई का खर्च गंगा सेवा निधि वहन करेगी। संस्था की यह पहल शहीद परिवारों के प्रति सम्मान के साथ उनके बच्चों के भविष्य को संवारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने उतारी मां गंगा की आरती

महाआरती का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से मां गंगा के पूजन के साथ हुआ। गंगा सेवा निधि के 21 अर्चकों ने मां भगवती गंगा की आराधना की। इसके बाद दुर्गाचरण इंटर कॉलेज की 42 देव कन्याओं ने ऋद्धि-सिद्धि के स्वरूप में ब्राह्मणों के साथ महाआरती में सहभागिता की। श्री काशी विश्वनाथ डमरू दल के 10 स्वयंसेवकों ने भी इस दिव्य आयोजन में हिस्सा लिया।

महाआरती से पहले श्रीराम जन्म योगी के नेतृत्व में 4 मिनट 21 सेकेंड तक हुए शंखनाद ने दशाश्वमेध घाट के वातावरण को गुंजायमान कर दिया। एक साथ उठती शंखध्वनि, डमरुओं की गूंज, वैदिक मंत्र और आरती के दीपों की सुनहरी आभा ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया। हजारों दीपों से सजे घाट और भवनों का कोना-कोना जगमगा उठा।

'एक संकल्प गंगा किनारे' से दिया स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश

गंगा सेवा निधि ने महोत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए पर्यावरण संरक्षण और गंगा निर्मलीकरण का अभियान भी बनाया। 'एक संकल्प गंगा किनारे' के माध्यम से देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। संस्था ने लोगों से गंगा की पवित्रता बनाए रखने, जल संरक्षण और पर्यावरण की रक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

अनूप जलोटा के भजनों ने बांधा समां

कार्यक्रम की शुरुआत गायिका डॉ. रेवती साकलकर और उनके सहयोगी तबला वादक की भजन-संगीत एवं राष्ट्रगीत की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद पद्मश्री अनूप जलोटा, देवेंद्र कुमार भारती, हिमांशु तिवारी और अमरजीत सिंह ने गंगा तट पर अपनी स्वरांजलि प्रस्तुत की। भक्ति संगीत और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

सुरक्षा और सेवा के लिए विशेष इंतजाम

लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए गंगा सेवा निधि ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए थे। घाट पर 30 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। भारत सेवा श्रम संघ के 100 स्वयंसेवक और गंगा सेवा निधि के 150 स्वयंसेवक व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। राजकीय चिकित्सालय की ओर से चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस तैनात की गई थी, जबकि 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ ने वाटर एंबुलेंस की व्यवस्था की थी।

महोत्सव में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा (एवीएमएस), जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, सेंट्रल कमांड, लखनऊ रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने की। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रवींद्र जायसवाल, सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक प्रवीण कुमार, ब्रिगेडियर उमेश ए. परब, एयर कमोडोर सुरेंद्र मलिक, श्रीमती मृदुला सक्सेना, संत स्वामी पुण्यानंद जी महाराज, स्वामी ब्रह्मानंद जी महाराज और स्वामी महात्मानंद जी महाराज सहित अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। संस्था के सदस्य श्यामलाल सिंह, इंदुशेखर शर्मा, सुरजीत सिंह, हनुमान यादव, पंकज अग्रवाल, विनोद श्रीवास्तव, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, अरुण अग्रवाल, डॉ. रजत सिंह, अंजनी कुमार पांडेय और अवनी कुमार धर सहित अन्य सदस्य आयोजन में सक्रिय रहे।

तस्वीरें ...

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…