देव दीपावली : आठ जोन, 16 सेक्टर और 32 सब-सेक्टर में बंटा जिला, गंगा में नौका संचालन के लिए तीन लेन और सात सेक्टर, पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को समझाई ड्यूटी

वाराणसी। देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर काशी में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। 24 नवंबर को आयोजित होने वाले पर्व के दौरान करीब 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाराणसी पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए गंगा के दोनों तटों से लेकर शहर की सड़कों, प्रमुख चौराहों और आयोजन स्थलों तक बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। सुरक्षा की कमान 25 से अधिक आईपीएस और 50 से ज्यादा पीपीएस अधिकारियों के साथ तीन हजार से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों के हाथों में होगी। इसके अतिरिक्त सीआरपीएफ, पीएसी और क्यूआरटी की टीमें भी मोर्चा संभालेंगी।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को कमिश्नरेट वाराणसी और बाहरी जनपदों से आए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ पुलिसकर्मी मित्रवत, विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार करें। किसी भी परिस्थिति में पुलिसकर्मी अपना धैर्य न खोएं और आगंतुकों को अतिथि के रूप में सम्मान दें।
आठ जोन, 16 सेक्टर और 32 सब-सेक्टर में बंटा गंगा तट
देव दीपावली पर गंगा के दोनों तटों और प्रमुख आयोजन स्थलों की सुरक्षा के लिए पूरे क्षेत्र को आठ जोन, 16 सेक्टर और 32 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। गंगा तट पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की जाएगी। 26 घाटों पर करीब आठ किलोमीटर लंबी फ्लोटिंग वाटर जेटी की व्यवस्था की गई है। प्रमुख घाटों पर वॉच टावर, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) से जांच होगी। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी। भीड़भाड़ और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ क्यूआरटी और एंटी रोमियो स्क्वॉड की तैनाती होगी।
गंगा में नावों के संचालन के लिए तीन लेन, सात सेक्टर में जल क्षेत्र
नमो घाट से अस्सी घाट तक गंगा में बड़ी संख्या में नावों और मोटरबोटों के संचालन को देखते हुए जल क्षेत्र को सात सेक्टर में बांटा गया है। नावों के सुरक्षित आवागमन के लिए फ्लोटिंग वाटर जेटी की मदद से तीन अलग-अलग लेन बनाई जा रही हैं। नाविकों के साथ बैठक कर निर्धारित रूट और सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई है। प्रत्येक नाव और मोटरबोट पर सवार व्यक्ति के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य होगा। इसका उल्लंघन करने वाले नाविकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नावों में ओवरलोडिंग, नशे की हालत में नाव संचालन और डीजल चालित नावों के संचालन पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
चेतसिंह घाट पर बनेगा फ्लोटिंग पुलिस स्टेशन
गंगा में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए चेतसिंह घाट पर फ्लोटिंग पुलिस स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। यहां रेस्क्यू बोट और आवश्यक बचाव उपकरण उपलब्ध रहेंगे। नावों की टक्कर, किसी श्रद्धालु के नदी में गिरने या अन्य दुर्घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता और बचाव कार्य शुरू किया जाएगा। जल पुलिस और रेस्क्यू टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि सूचना मिलते ही घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य पहुंच सके।
गंगा आरती, लेजर शो, ड्रोन शो और आतिशबाजी पर विशेष नजर
देव दीपावली के चार प्रमुख आकर्षणों भव्य गंगा आरती, लेजर शो, ड्रोन शो और आतिशबाजी के दौरान विशेष सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। कार्यक्रम स्थलों पर प्रवेश और निकास के अलग-अलग इंतजाम किए जाएंगे। भीड़ के आवागमन को व्यवस्थित रखने के साथ आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षित निकासी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी होगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क पर दिखेगा 95 प्रतिशत पुलिस बल, बिना ड्यूटी कार्ड नहीं मिलेगी ड्यूटी
पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को तत्काल प्रभाव से अपने क्षेत्रों में सक्रिय और भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि करीब 95 प्रतिशत पुलिस बल सड़कों और फील्ड में दिखाई देना चाहिए। सभी अधिकारी अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर अधीनस्थ कर्मचारियों की ब्रीफिंग करें और उन्हें उनकी जिम्मेदारियों की स्पष्ट जानकारी दें। प्रत्येक पुलिसकर्मी निर्धारित समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचे। ड्यूटी के दौरान सभी के पास ड्यूटी कार्ड अनिवार्य रूप से होना चाहिए। प्रमुख चौराहों, प्रवेश और निकास द्वारों तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। भीड़ नियंत्रण के लिए रस्से, हैंड हेल्ड सेट, लाउड हेलर और ड्रैगन लाइट का भी प्रभावी इस्तेमाल किया जाएगा।
नो-व्हीकल जोन में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, पार्किंग पर रहेगी नजर
देव दीपावली के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित नो-व्हीकल जोन में किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाएगा। सड़कों और गलियों में अनधिकृत पार्किंग नहीं होने दी जाएगी। निर्धारित डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जाएगा। प्रमुख चौराहों, कट, गलियों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात पुलिस के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
श्रद्धालुओं को सर-मैडम कहकर संबोधित करेंगे पुलिसकर्मी
पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों के व्यवहार और सॉफ्ट स्किल पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वाराणसी आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक यहां के मेहमान हैं। उनके साथ मित्रवत, विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। सभी पुलिसकर्मी आगंतुकों को सर या मैडम कहकर संबोधित करें। किसी भी श्रद्धालु या पर्यटक के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर पुलिसकर्मी खुद आगे बढ़कर लोगों को रास्ता बताएं और उनकी सहायता करें। उन्होंने कहा कि सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण के बाद पुलिसकर्मियों के व्यवहार में सुधार आया है, लेकिन इसमें और बेहतर करने की आवश्यकता है।
मोबाइल का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं, हर अधिकारी करेगा निगरानी
ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने और पूरा ध्यान सुरक्षा व्यवस्था पर केंद्रित रखने के निर्देश दिए गए। सभी प्रभारी अधिकारी अपने अधीनस्थों से लगातार संवाद बनाए रखेंगे और सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करेंगे। अधिकारी अपने ड्यूटी क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली की निगरानी करेंगे। किसी भी दुर्घटना, आकस्मिक परिस्थिति या आपात स्थिति में तत्काल निर्णय लेकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने को कहा गया है।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सुगम यातायात सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता, अनुशासन, संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि काशी का यह विश्व प्रसिद्ध आयोजन सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।