Dev Deepawali : शाम 5.15 बजे शुरू होगा दीप प्रज्ज्वलन, 6 से 7 के बीच गंगा आरती, जानिये देव दीपावली के आयोजनों का पूरा प्लान

वाराणसी। काशी में मंगलवार की शाम गंगा किनारे अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। घाटों पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही गंगा आरती, लेजर शो, ड्रोन शो और ललिता घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी होगी। इसको लेकर समयसारिणी के अनुसार पूरा प्लान तैयार किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं और सैलानियों को सारे प्रोग्रामों का आनंद लेने का अवसर मिले।
तय कार्यक्रम के अनुसार शाम 5.15 से 5.45 बजे के बीच गंगा घाटों और गंगा पार रेती पर दीप प्रज्ज्वलन होगा। वहीं शाम 6 से 7 बजे के बीच घाटों पर गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार और घंटे-घड़ियाल की ध्वनि के साथ मां गंगा की आरती उतारी जाएगी।
शाम 5.45 बजे से चेत सिंह किले पर भव्य 3डी प्रोजेक्शन व लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम तीन शिफ्ट में होगा। 5.45 से शुरू कार्यक्रम 6.10 बजे चलेगा। उसके बाद 7.20 से 7.45 बजे और 8.30 से 8.55 बजे तक आयोजन होगा।
ड्रोन शो का कार्यक्रम शाम 8 से 8.10 बजे तक होगा, जिसे सभी घाटों से देखा जा सकता है। वहीं ललिता घाट के सामने गंगा पार रेती पर 8.30 से 8.40 बजे तक ग्रीन आतिशबाजी होगी। काशी में देव दीपावली के भव्य और शानदार आयोजन का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से लाखों की तादाद में पर्यटक पहुंच चुके हैं।