Live VNS

दक्षिणी विधानसभा में 80 लाख के विकास कार्यों की शुरुआत, कहीं मिलेगा मिनी नलकूप तो कहीं लगेगा स्मार्ट चौका

दक्षिणी विधानसभा में 80 लाख के विकास कार्यों की शुरुआत, कहीं मिलेगा मिनी नलकूप तो कहीं लगेगा स्मार्ट चौका

BK Pathak ·

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया भूमि पूजन और शिलान्यास, नई बस्ती में पेयजल संकट दूर होने की उम्मीद से क्षेत्रवासियों में खुशी

वाराणसी। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में पेयजल सुविधा और गलियों के विकास को लेकर रविवार को 80 लाख रुपये के जनहित कार्यों की शुरुआत हुई। विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने आदमपुर और मध्यमेश्वर वार्ड में विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इन कार्यों में 27 लाख रुपये की लागत से मिनी नलकूप की स्थापना और लगभग 53 लाख रुपये से स्मार्ट चौका लगाने का कार्य शामिल है।

आदमपुर वार्ड के नई बस्ती मोहल्ले में पेयजल की समस्या को देखते हुए विधायक निधि से 27 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत मिनी नलकूप स्थापित किया जाएगा। रविवार को डॉ. नीलकंठ तिवारी ने इसका भूमि पूजन किया। उन्होंने संबंधित विभाग के अभियंताओं को युद्धस्तर पर काम पूरा कराने और जल्द से जल्द नलकूप से पेयजल आपूर्ति शुरू कराने का निर्देश दिया। मिनी नलकूप की सुविधा मिलने से स्थानीय लोगों को पेयजल समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इस पहल पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई।

वहीं मध्यमेश्वर वार्ड में लगभग 53 लाख रुपये की लागत से स्मार्ट चौका लगाने के कार्य का विधायक ने शिलान्यास किया। इस परियोजना से क्षेत्र की गलियों को बेहतर बनाने और स्थानीय नागरिकों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस तरह दोनों वार्डों में कुल 80 लाख रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर गुप्ता बंटी, बबलू सेठ, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…