Live VNS

देवी दीपावली : दीपों की आभा से दमकेंगी काशी, सजने लगे गंगा घाट, 2100 ड्रोन से आसमान में उतरेगी शिव महिमा, तैयारी में जुटा नगर निगम

देवी दीपावली : दीपों की आभा से दमकेंगी काशी, सजने लगे गंगा घाट, 2100 ड्रोन से आसमान में उतरेगी शिव महिमा, तैयारी में जुटा नगर निगम

BK Pathak ·

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी एक बार फिर देव दीपावली के अद्भुत और अलौकिक नजारे की साक्षी बनने जा रही है। 24 नवंबर को गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर जब 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी बिखरेगी तो पूरा गंगा तट जगमगा उठेगा। इस बार देव दीपावली का आकर्षण केवल घाटों पर सजे दीप और गंगा आरती तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पहली बार 2100 स्वदेशी ड्रोन से आसमान में भगवान शिव की महिमा का भव्य प्रदर्शन भी होगा। करीब 15 मिनट के इस ड्रोन शो में शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ मंदिर समेत लगभग 15 धार्मिक एवं सांस्कृतिक आकृतियां आकाश में साकार होंगी।

आयोजन को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। घाटों पर रंग-रोगन, साफ-सफाई, दीवारों पर चित्रकारी, प्रकाश व्यवस्था और सजावट का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी अधीनस्थ अधिकारियों के साथ लगातार बैठक कर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

घाटों की दीवारों पर उकेरी जा रही काशी की धार्मिक विरासत

देव दीपावली पर गंगा घाटों की सुंदरता को नया स्वरूप देने के लिए दीवारों का रंग-रोगन कराया जा रहा है। घाटों की दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी के माध्यम से काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को उकेरा जा रहा है। भगवान शिव, गंगा, काशी विश्वनाथ मंदिर और धार्मिक परंपराओं से जुड़ी कलाकृतियां घाटों की सुंदरता बढ़ा रही हैं। इसके साथ ही घाटों की सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, सजावट और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।

नगर निगम की टीमें अलग-अलग घाटों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटी हैं। घाटों पर बड़े-बड़े प्रकाश बल्ब लगाए जा रहे हैं, जिससे दीपों के साथ विद्युत सजावट भी आकर्षण का केंद्र बनेगी। प्रशासन का प्रयास है कि देव दीपावली के दिन घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिले।

भीड़ प्रबंधन के लिए मोबाइल टावर और सीसीटीवी से निगरानी

देव दीपावली पर लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और संचार व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। अस्सी घाट पर तीन मोबाइल टावर तैयार किए जा रहे हैं। इनकी मदद से भीड़ प्रबंधन और व्यवस्थाओं के संचालन में सहूलियत मिलेगी। इसके साथ ही घाटों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।

घाटों पर वाई-फाई सुविधा को भी बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को इंटरनेट की सुविधा मिल सके। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की जा रही है। प्रशासनिक टीमें घाटों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।

2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी शिव महिमा

इस बार देव दीपावली का सबसे बड़ा आकर्षण 2100 स्वदेशी ड्रोन का शो होगा। राजघाट से नमो घाट के बीच करीब 15 मिनट तक चलने वाले इस आयोजन में ड्रोन के जरिए आसमान में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आकृतियां बनाई जाएंगी। इसमें भगवान शिव का दिव्य स्वरूप, शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ मंदिर की आकृति प्रमुख होगी। लगभग 15 अलग-अलग दृश्य आसमान में प्रदर्शित किए जाएंगे।

स्वदेशी तकनीक से तैयार इस ड्रोन शो के माध्यम से काशी की धार्मिक महत्ता और सांस्कृतिक पहचान को आधुनिक तकनीक के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। गंगा के घाटों पर दीपों की जगमगाहट के बीच आसमान में उभरती शिव की आकृतियां श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होंगी।

चेत सिंह घाट पर लेजर शो, धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी

देव दीपावली पर चेत सिंह घाट पर विशेष लेजर शो आयोजित करने की तैयारी है। इसके माध्यम से प्रकाश और ध्वनि के संयोजन से काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, काशी विश्वनाथ धाम के सामने हरित आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस बार पर्यावरण के अनुकूल आयोजन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

गंगा घाटों पर 11 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी की गई है। घाटों की सीढ़ियों, मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर दीपों की कतारें सजाई जाएंगी। गंगा आरती के साथ दीपदान और रंगोली के आयोजन भी होंगे। दीपों की रोशनी से गंगा का अर्धचंद्राकार तट अलौकिक छटा बिखेरेगा।

भव्य होगी गंगा आरती, घाटों पर बनेगी रंगोली

देव दीपावली पर गंगा आरती करने वाली विभिन्न संस्थाओं ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस दिन नियमित आरती के साथ विशेष आयोजन किए जाएंगे। आरती स्थलों पर सजावट, प्रकाश व्यवस्था और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयुष की ओर से भी भव्य गंगा आरती की तैयारी की जा रही है।

आरती आयोजकों के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी गंगा आरती को भव्य स्वरूप दिया जाएगा। घाटों की सीढ़ियों पर दीप जलाए जाएंगे और विभिन्न स्थानों पर आकर्षक रंगोली बनाई जाएगी। गंगा आरती की गूंज, दीपों की रोशनी और गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीप काशी की आध्यात्मिक छटा को और दिव्य बनाएंगे।

प्रदोष काल में शाम 5:08 से 7:47 बजे तक दीपदान का शुभ मुहूर्त

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के प्रोफेसर विनय कुमार पांडेय के अनुसार, देव दीपावली पर प्रदोष काल में दीपदान का विशेष महत्व है। इस वर्ष दीपदान का शुभ समय शाम 5:08 बजे से 7:47 बजे तक निर्धारित है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, प्रदोष काल में दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। देवताओं के स्वागत में दीप जलाने की परंपरा के कारण इस पर्व का विशेष धार्मिक महत्व है।

लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट

देव दीपावली पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के काशी पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात, प्रकाश और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। घाटों पर निगरानी के साथ संचार सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि आयोजन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

इस बार काशी की देव दीपावली परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगी। एक ओर गंगा के घाट 11 लाख से अधिक दीपों से जगमगाएंगे तो दूसरी ओर 2100 ड्रोन आसमान में शिव महिमा का बखान करेंगे। लेजर शो, ग्रीन आतिशबाजी और भव्य गंगा आरती के बीच काशी की यह देव दीपावली देश-दुनिया के पर्यटकों के लिए यादगार बनने जा रही है।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…