Live VNS

अनूपपुर: देवउठनी एकादशी: निद्रा से जागे भगवान विष्णु, मांगलिक कार्यों की होगी शुरुआत

अनूपपुर: देवउठनी एकादशी: निद्रा से जागे भगवान विष्णु, मांगलिक कार्यों की होगी शुरुआत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

अनूपपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी या देवउठनी एकादशी पर शुक्रवार को जिले भर में रिमझिम बारिश के बीच प्रबोधिनी या देवोत्थान एकादशी मनाया गया। वहीं कुछ लोग उदयातिथी को मानने वाले शनिवार को देवोत्थान एकादशी मनायेंगे। भगवान के आगमन की खुशी में माता लक्ष्मी सहित विष्णु की पूजा घर घर की गई। जिसमें भगवान विष्णु के जागने का आह्वान किया गया।

माना जाता है कि इसी एकादशी को भगवान विष्णु चार मास के विश्राम के बाद जागे थें। इस अवसर पर लोगो ने जमकर आतिशबाजी भी की।

देवउठनी एकादशी जिला मुख्यालय अनूपपुर सहित जैतहरी, चचाई, कोतमा, पसान, बिजुरी, रामनगर, राजनगर, अमरकंटक, राजेन्द्रग्राम सहित ग्रामीण क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महिलाओं ने निर्जला व्रत कर तुलसी विवाह किया तथा सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर बाजारों में सिंघाड़ा, गन्ना,सकला की जमकर खरीदारी हुई। पूरा बाजार गन्नों से अटा पड़ा रहा।

शाम को महिलाओं ने एकादशी का व्रत करते हुए भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का पूजन अर्जन करते हुए आह्वान किया, जहां परिवार की सुख समृद्धि का कामना की आशीष मांगा। मान्यता है कि आज के दिन ही मांगलिक कार्यों की शुरूआत होती है। एकादशी पर भगवान विष्णु की पूजा से जन्म जन्मांतर के पाप समाप्त हो जाते हैं। व्रत करने से भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता है और घर में समृद्धि आती है। इस दिन भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी के साथ इस दिन तुलसी का शालिग्राम के साथ परिणय सूत्र बांधा जाता है। देवउठनी एकादशी के दिन ही तुलसी विवाह किया जाता है। तुलसी पूजा से घर में संपन्नता आती है तथा संतान योग्य बनती है। इस दिन आंवला, सिंघाड़े का भोग लगाया जाता है। विवाह के समय तुलसी के पौधे को गन्ने का मंडप बना कर संजाया जाता है और विधि-विधान के साथ विवाह रस्म पूरा किया जाता है। माना जाता है कि हिंदू धर्म में देवोत्थान एकादशी भगवान विष्णु के मानव के अंदर सोने-जागने और अपनी इंद्रियों और मन को संयमित करने की यात्रा है।

श्रद्धालुओं ने नर्मदा कुंड में किया दीपदान

प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल अमरकंटक में कार्तिक शुक्ल पक्ष की पावन देवउठनी एकादशी, जिसे प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है, धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के निर्वहन का विशेष अवसर बनी। इसी पावन पर्व पर अमरकंटक पार्किंग क्षेत्र के व्यापारियों ने आपसी एकजुटता, श्रद्धा और उत्साह के साथ 1100 देव दीपोत्सव मनाकर मां नर्मदा के श्रीचरणों में अपनी आस्था अर्पित की।

अमरकंटक के पार्किंग क्षेत्र के व्यापारियों पतित पावनी पुण्यसलिला मां नर्मदा के पावन रामघाट स्थित उत्तर तट पर सामूहिक रूप से 1100 दीप प्रज्वलित कर मां नर्मदा के तट को दीपों की दिव्य आभा से आलोकित कर दिया। दीपों की कतारों से सजा रामघाट अत्यंत मनोरम और भक्तिमय दिखाई दिया। इस अवसर पर मां नर्मदा को पुष्प, बेलपत्र एवं प्रसाद अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात आतिशबाजी एवं पटाखे चलाकर पर्व की खुशियां मनाई गईं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…