Live VNS

देवास स्टेशन पर ट्रेन-मालगाड़ी की टक्कर की मॉक ड्रिल, 20 से ज्यादा यात्रियों का रेस्क्यू

देवास स्टेशन पर ट्रेन-मालगाड़ी की टक्कर की मॉक ड्रिल, 20 से ज्यादा यात्रियों का रेस्क्यू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

देवास, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर की आपात स्थिति को लेकर मॉक ड्रिल की गई। अभ्यास के दौरान बोगियों में यात्रियों के फंसे होने का दृश्य तैयार किया गया। इसके बाद रेलवे के बचाव दल, पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

इस दौरान 20 से ज्यादा यात्रियों को बोगियों से सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। यह पूरी कवायद आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए थी, वास्तविक रेल हादसा नहीं हुआ था।

मॉक ड्रिल के दौरान दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन की स्थिति तैयार कर बचाव कार्य शुरू किया गया। बोगियों में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए राहत दलों ने मोर्चा संभाला। घायलों को स्ट्रेचर की मदद से बाहर लाकर प्राथमिक उपचार दिया गया और अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया अपनाई गई। अभ्यास में राहत सामग्री की उपलब्धता, घायलों को सुरक्षित निकालने और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की भी जांच की गई।

रेलवे, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने लिया हिस्सा

करीब दो घंटे तक चले इस अभ्यास में रेलवे के बचाव दल के साथ पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने हिस्सा लिया। सभी एजेंसियों ने आपसी तालमेल के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया। सिंहस्थ की तैयारियों के तहत आयोजित इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य बड़े रेल हादसे जैसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना था।

आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का आकलन

अपर मंडल रेल प्रबंधक केएल मीना ने बताया कि मॉक ड्रिल के माध्यम से आपात परिस्थितियों में रेलवे के बचाव दल की तैयारी, कार्यक्षमता और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की जांच की जाती है। इस तरह के अभ्यास से वास्तविक दुर्घटना के समय राहत एवं बचाव कार्य जल्द शुरू करने और यात्रियों को सुरक्षित निकालने में मदद मिलती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…