Live VNS

मुख्यमंत्री ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए

मुख्यमंत्री ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

देहरादून, 25 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

मुख्यमंत्री ने बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र के साथ उन्हें जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी मिली है। उनके कार्यों से आमजन को समय पर राहत मिलना ही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने नवनियुक्त नायब तहसीलदारों से ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा की।

धामी ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से है इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का सावधानी और समयबद्धता से निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी भूमि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण से जुड़े परिवार की परिस्थितियों को भी समझना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनी जाए और उसे आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। अधिकारियों को आपदा से हुई क्षति का सही और समयबद्ध आकलन सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों तक नियमानुसार राहत शीघ्र पहुंच सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अधिकारियों को किसी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने चाहिए। बिना सिफारिश आने वाले व्यक्ति के जायज कार्य का तत्परता से निस्तारण करना ही निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है।

उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को कार्यशैली में शामिल करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने की सोच के साथ अधिकारियों को काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन लोगों के प्रति अधिकारियों की विशेष जिम्मेदारी है, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…