Live VNS

धरमजयगढ़ को नवीन जिला बनाने की उठी मांग , जनजातीय गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन

धरमजयगढ़ को नवीन जिला बनाने की उठी मांग , जनजातीय गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रायगढ़ ,13 नवंबर (हि.स.)।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले धरमजयगढ़ क्षेत्र को एक नया और स्वतंत्र जिला घोषित किए जाने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में क्षेत्र के प्रमुख व्यवसायियों और नागरिकों द्वारा एकजुट होकर व्यापारी संघ धरमजयगढ़ के बैनर तले एक औपचारिक ज्ञापन तैयार किया गया है जिसे आगामी जनजातीय गौरव दिवस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा।

व्यापारी संघ की ओर से तैयार किए गए इस ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन से विनम्र आग्रह किया गया है कि जनभावनाओं और क्षेत्र की भौगोलिक तथा प्रशासनिक आवश्यकताओं को पूरी तरह ध्यान में रखते हुए धरमजयगढ़ को नवीन जिला घोषित करने की प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ किया जाए।

संघ और स्थानीय व्यवसायियों का मानना है कि जनजातीय गौरव दिवस के ऐतिहासिक दिन पर इस मांग को प्रमुखता से रखने से शासन स्तर पर सकारात्मक पहल होने की पूरी उम्मीद है जिससे दूरदराज के इलाकों तक प्रशासनिक पहुंच सुगम हो सकेगी और क्षेत्र के चौमुखी विकास को नई गति मिलेगी।

ज्ञापन में यह पूर्ण विश्वास जताया गया है कि सरकार क्षेत्रवासियों की इस बहुप्रतीक्षित और न्यायसंगत मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर संपूर्ण क्षेत्र के नागरिकों को एक बड़ी सौगात प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री को सौंपे जाने वाले इस मांग पत्र पर स्थानीय व्यापार जगत के कई प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों और दुकानदारों ने अपने हस्ताक्षर एवं मुहर लगाकर अपना पूर्ण समर्थन दर्ज कराया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…