गुजरात से उज्जैन पहुंचे 100 दिव्यांग श्रद्धालु, ई-कार्ट और व्हीलचेयर की मदद से किए बाबा महाकाल के दर्शन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
उज्जैन, 17 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार को गुजरात से पहुंचे करीब 100 दिव्यांग श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंध समिति ने विशेष इंतजाम किए। ई-कार्ट और व्हीलचेयर की सुविधा मिलने से श्रद्धालुओं ने सुगमता से बाबा महाकाल के दर्शन किए।
जानकारी के अनुसार, गुजरात के मेहसाणा जिले के विसनगर स्थित उत्तर गुजरात विकलांग कल्याण संघ का करीब 150 सदस्यीय दल उज्जैन पहुंचा है। इसमें लगभग 100 दिव्यांगजन शामिल हैं। यह दल उज्जैन में आयोजित शिव महापुराण सत्संग में भाग लेने आया है।
दिव्यांग श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मंदिर प्रबंध समिति ने आवागमन के लिए ई-कार्ट और व्हीलचेयर की व्यवस्था की। इन सुविधाओं की मदद से सभी श्रद्धालुओं ने आसानी से भगवान महाकाल के दर्शन किए।
दर्शन के बाद संस्था के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने मंदिर समिति की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए किए गए इंतजाम सराहनीय हैं। इससे उन्हें बिना किसी परेशानी के बाबा महाकाल के दर्शन करने का अवसर मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा