तीन दिवसीय निरीक्षण में डीआईजी ने सीमा सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, जवानों का बढ़ाया उत्साह

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सुपौल, 14 नवंबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के उप महानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया मधुकर अमिताभ ने 12 से 14 नवंबर तक 45वीं वाहिनी एसएसबी बीरपुर का तीन दिवसीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाहिनी की परिचालन गतिविधियों, सीमा सुरक्षा व्यवस्था, जवानों की कार्यक्षमता और विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों एवं जवानों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सतर्कता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
वाहिनी मुख्यालय पहुंचने पर कमांडेंट गौरव सिंह ने उप महानिरीक्षक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद क्वार्टर गार्ड में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
डीआईजी ने वाहिनी परिसर का निरीक्षण किया और पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया। निरीक्षण के क्रम में कमांडेंट गौरव सिंह ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से वाहिनी की परिचालन गतिविधियों, सीमा सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
वहीं, डीआईजी ने जवानों की शारीरिक दक्षता एवं कार्यकुशलता का आकलन करने के लिए एफपीटीई, ऑब्स्टेकल्स सहित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान जवानों ने मॉडल सीमा चौकी (बीओपी) का प्रदर्शन भी किया।
इसके बाद उप महानिरीक्षक ने सैनिक सम्मेलन की अध्यक्षता की। सम्मेलन में उन्होंने अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों से सीधा संवाद कर उनके कार्यों और समस्याओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण दायित्व के निर्वहन में अनुशासन, सतर्कता, शारीरिक दक्षता और व्यावसायिक कुशलता बेहद जरूरी है। सभी कार्मिक पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें। इस अवसर पर उन्होंने जवानों के साथ भोजन कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
निरीक्षण के अगले चरण में डीआईजी सीमा चौकी रानीगंज पहुंचे। यहां उन्होंने तैनात जवानों से बातचीत की तथा सीमा चौकी की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
एसएसबी का यह तीन दिवसीय निरीक्षण वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों के लिए प्रेरणादायक रहा। इससे कार्मिकों का मनोबल बढ़ने के साथ सीमा सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूती मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र