Live VNS

जगदलपुर में दूरसंचार पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर आयोजित

जगदलपुर में दूरसंचार पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर आयोजित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जगदलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 के अंतर्गत दूरसंचार पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए 16 नवंबर 2026 को जगदलपुर में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यालय संयुक्त नियंत्रक संचार लेखा, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर की ओर से महाप्रबंधक, भारत संचार निगम लिमिटेड के कार्यालय में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में दूरसंचार पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

शिविर में पेंशनभोगियों को निर्धारित समय पर जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही, उन्हें जीवन प्रमाण ऐप के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया समझाई गई। इस डिजिटल सुविधा के जरिए पेंशनभोगी संबंधित पेंशन कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए बिना अपना जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।

शिविर के दौरान उपस्थित दूरसंचार पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहायता से तैयार किए गए और उन्हें इस सुविधा का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पेंशनभोगियों को सुगम एवं सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ डिजिटल माध्यमों के उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा पेंशन का समयबद्ध और निर्बाध भुगतान सुनिश्चित करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…