Live VNS

डिजिटल लेखन से युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर : विनय कुमार पाठक

डिजिटल लेखन से युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर : विनय कुमार पाठक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कानपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। डिजिटल मीडिया के विस्तार ने युवाओं के लिए कंटेंट राइटिंग और पत्रकारिता के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर खोले हैं। इन संभावनाओं से युवाओं को जोड़ने और उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में दो दिवसीय राष्ट्रीय मीडिया कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के विशेषज्ञ युवाओं को समाचार लेखन, संपादन और डिजिटल कंटेंट तैयार करने का प्रशिक्षण देंगे। यह बातें बुधवार को कार्यशाला की जानकारी देते हुए कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में प्रभावी मीडिया लेखन युवाओं के लिए करियर की अपार संभावनाएं लेकर आया है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि कानपुर के युवाओं और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण निःशुल्क उपलब्ध कराया जाए। इससे वे तथ्यों की प्रमाणिकता और विश्वसनीयता को ध्यान में रखते हुए मीडिया के बदलते स्वरूप के अनुरूप अपनी पहचान बना सकेंगे।

पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग और हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 26 और 27 नवंबर को कार्यशाला एवं सेमिनार का आयोजन होगा। इसका विषय 'डिजिटल युग में मीडिया लेखन' रखा गया है। कार्यशाला बेनाझाबर स्थित बजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के दौरान प्रतिदिन सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक चलेगी।

विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि विभाग विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ पत्रकारिता के व्यावहारिक पक्ष से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। कार्यशाला में प्रतिभागियों को अनुभवी पत्रकारों के साथ संवाद करने और मीडिया लेखन की नई तकनीकों को समझने का अवसर मिलेगा।

दो दिवसीय प्रशिक्षण में समाचार लेखन, शीर्षक तैयार करने, कंटेंट डेवलपमेंट, संपादन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए सामग्री तैयार करने की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता की कार्यप्रणाली, समाचारों की प्रभावी प्रस्तुति, तथ्यों की प्रमाणिकता और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों पर भी चर्चा होगी।

कार्यशाला के सह-समन्वयक डॉ. हरिओम कुमार ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य कानपुर के युवाओं को कंटेंट राइटिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। प्रिंट और डिजिटल मीडिया के विशेषज्ञ अपने अनुभवों के माध्यम से प्रतिभागियों को लेखन और संपादन की बारीकियां समझाएंगे। कार्यशाला में प्रवेश और प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…