जिला अस्पताल 200 बेड में होगा अपग्रेड, टीएचडीसी बनाएगा कॉलेज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई टिहरी, 19 नवंबर (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियों की स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता और स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय, डीएम नितिका खंडेलवाल की देखरेख में उच्चस्तरीय बैठक हुई। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय वर्चुअली बैठक् से जुड़े।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला अस्पताल बौराड़ी को 200 बेड का अस्पताल में अपग्रेड किया जाएगा। वहीं टीएचडीसी पूर्व में की गई घोषणा के अनुरूप मेडिकल कॉलेज निर्माण करेगी। हालांकि अभी भी पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जीतराम भट्ट, राहुल बुटोला अनशन पर बैठे हैं। देर शाम तक उनकी हड़ताल खत्म होने की संभावना है।
बता दें कि 31 जुलाई से नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर बेमियादी धरना, क्रमिक अनशन और बीते 12 नवम्बर से भट्ट और बुटोला की भूख हड़ताल चल रही है। वीरवार को डॉक्टरों ने चेकअप कर बताया कि बुटोला का वजन 6 किलो कम हो गया है, वहीं शुगर लेबल भी डाउन हुआ है। भट्ट के वजन में भी कमी आई है। दोनों अनशनकारियों की स्थिति और मेडिकल कॉलेज निर्माण की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारी वीरवार को देहरादून में स्वास्थ्य मंत्री उनियाल से मिले और बैठक की।
बैठक में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर गहन चर्चा हुई। विधायक किशोर ने वर्चुअल शामिल होकर केंद्रीय मंत्री खट्टर, सीएम धामी के निर्देश और घोषणा की जानकारी दी। मंत्री उनियाल ने कहा कि सभी पहलुओं को देखते हुए कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके लिए धन की उपलब्धता, भूमि, मानक आदि पर चर्चा हुई। स्वास्थ्य सचिव पांडेय ने टीएचडीसी को बैठक के क्रम में पत्र जारी कर तत्काल मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर निर्णय लेने और अब तक की कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए। डीएम नितिका ने भूमि संबंधित जानकारी दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष रावत और समिति के संयोजक गोदियाल की मांग पर मंत्री और सचिव ने जिला अस्पताल बौराड़ी को 200 बेड के अस्पताल में अपग्रेड करने के निर्देश दिए। गोदियाल ने बताया कि देर शाम को पदाधिकारी नई टिहरी पहुंचेंगे। जिसके बाद भूख हड़ताल सहित आंदोलन को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
इस मौके पर बीकेटीसी सदस्य दिनेश डोभाल, जिपंस दर्शनी रावत, चंडी प्रसाद डबराल, टीएस पुंडीर, टीकम चौहान, भगवान चंद रमोला, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सजवाण, नवीन सेमवाल, प्रधान कविता नेगी, मुनेंद्र भट्ट, रजनी गुसाईं, प्रदीप तोपवाल, भूपेंद्र तोपवाल मौजूद रहे। इधर, विधायक किशोर ने उक्त निर्णय पर सीएम पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री उनियाल का आभार जताया। वहीं संघर्ष समिति और अनशनकारियों के संघर्ष की जीत बताया है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी