Live VNS

पारंपरिक वैद्यों को औषधीय पौधों के संरक्षण और संवर्धन के लिए मिलेगा सहयोग

पारंपरिक वैद्यों को औषधीय पौधों के संरक्षण और संवर्धन के लिए मिलेगा सहयोग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में जिला स्तरीय वैद्य सम्मेलन आयोजित, 88 वैद्यों ने लिया हिस्सा

रायपुर, 19 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड द्वारा पारंपरिक वैद्यों के ज्ञान के संरक्षण और औषधीय पौधों के संवर्धन के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मदद दी जा रही है।

इन योजनाओं के तहत वैद्यों को हर्बल गार्डन तैयार करने, औषधीय पौधों के संरक्षण, पारंपरिक उपचार पद्धतियों के प्रमाणीकरण और जड़ी-बूटियों के प्रसंस्करण के लिए तकनीकी एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

88 वैद्यों ने साझा किए अनुभव

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के वनधन केंद्र गोदाम, मोहला में आयोजित जिला स्तरीय पारंपरिक वैद्य सम्मेलन में बोर्ड की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस सम्मेलन में जिले के 88 पारंपरिक वैद्यों ने भाग लिया और अपने उपचार से जुड़े अनुभव व पारंपरिक ज्ञान को साझा किया।

सम्मेलन में मोहला-मानपुर के वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार ने कहा कि, वन, वनौषधि, पारंपरिक वैद्य और उनका ज्ञान आपस में जुड़े हुए हैं। वनों के संरक्षण से ही औषधीय पौधों की उपलब्धता बनी रह सकेगी और वैद्य अपने पारंपरिक ज्ञान से आम लोगों को उपचार का लाभ दे पाएंगे। उन्होंने वैद्यों से वन संरक्षण में सक्रिय सहयोग की अपील की, जिस पर सभी वैद्यों ने वन संरक्षण में वन विभाग का साथ देने का संकल्प लिया।

औषधि पादप बोर्ड के कंसल्टेंट अमित गुप्ता ने बताया कि, बोर्ड द्वारा वैद्यों के लिए हीलर हर्बल गार्डन योजना चलाई जा रही है। इसके अलावा वैद्यों के निवास वाले गांवों के स्कूलों में हर्बल गार्डन विकसित करने और उनकी देखरेख के लिए तकनीकी व आर्थिक सहायता का प्रावधान है। साथ ही वैद्यों की पारंपरिक उपचार पद्धतियों का क्यूसीआई के माध्यम से प्रमाणीकरण कराने और जड़ी-बूटियों की पिसाई के लिए वैद्य समूहों को निःशुल्क पल्वराइजर मशीन देने की योजना भी संचालित की जा रही है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ उज्जवल पोरवाल, सहायक आयुक्त (आदिम जाति कल्याण) संजय कुर्रे, औषधि पादप बोर्ड के अधिकारी तथा वैद्य संघ के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…