Live VNS

दिव्यांगों को राजनीतिक भागीदारी में आरक्षण और 15 हजार रुपये पेंशन देने की मांग

दिव्यांगों को राजनीतिक भागीदारी में आरक्षण और 15 हजार रुपये पेंशन देने की मांग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कानपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। दिव्यांगों को राजनीतिक भागीदारी दिए बिना सामाजिक समानता की कल्पना नहीं की जा सकती। सरकार नौकरी, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, रोटी, कपड़ा और मकान की सौ फीसदी गारंटी के लिए सामाजिक समानता कानून बनाए। यह बातें शुक्रवार को शास्त्री नगर स्थित बड़ा सेंट्रल पार्क में राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में सर्वसम्मति से दोबारा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए वीरेन्द्र कुमार ने कहीं।

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव को देखते हुए 'एक वोट, दस का नोट' अभियान चलाएं और घर-घर जाकर मतदाताओं से सहयोग प्राप्त करें। साथ ही लोगों को पार्टी का चुनावी एजेंडा बताएं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों को समय पर पेंशन नहीं मिल रही है और सरकारी नौकरियों में आरक्षण का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। अलग-अलग राज्यों में दिव्यांग पेंशन की राशि में काफी अंतर है। पूरे देश में दिव्यांगों की पेंशन 15 हजार रुपये प्रतिमाह करने की जरूरत है।

बैठक में दिव्यांगों को लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा, विधान परिषद, पंचायत और नगर निकायों में राजनीतिक भागीदारी के लिए आरक्षण देने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा दिव्यांग पेंशन 15 हजार रुपये प्रतिमाह करने, नौकरियों में आरक्षण का कोटा बढ़ाकर 10 प्रतिशत करने, लंबन क्रिया के दिव्यांगों को सभी नौकरियों में अवसर देने और दिव्यांगजन अधिनियम-2016 को प्रभावी ढंग से लागू कराने समेत कई प्रस्ताव पारित किए गए। इन प्रस्तावों को भारत सरकार को भेजा जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नागेश कुमार को राष्ट्रीय महासचिव, धनराज गायकवाड़ को राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मनोज कुमार को राष्ट्रीय संगठन सचिव, आनंद तिवारी को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राहुल कुमार को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी एवं प्रवक्ता मनोनीत किया।

बैठक में महासचिव नागेश कुमार ने दिव्यांगों को उनके अधिकारों और कानूनों के प्रति जागरूक करने की जरूरत बताई। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आनंद तिवारी ने पूरे देश में समान नियम और व्यवस्था लागू करने की मांग की। राष्ट्रीय प्रवक्ता राहुल कुमार ने पार्टी के विस्तार पर जोर दिया। बैठक में मुकेश कुमार, अशोक कुमार, अल्पना कुमारी, सत्येंद्र कुमार, रामगोपाल गुप्ता, सरला और राम-जानकी समेत विभिन्न राज्यों से आए कार्यसमिति के सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…