Live VNS

‘दीवाली खुशियों वाली’ प्रतियोगिताओं में अब 19 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

‘दीवाली खुशियों वाली’ प्रतियोगिताओं में अब 19 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। जयपुर नगर निगम द्वारा दीपावली के अवसर पर आयोजित ‘दीवाली खुशियों वाली’ प्रतियोगिताओं को लेकर शहरवासियों, व्यापारियों, संस्थागत प्रतिष्ठानों एवं वार्ड पार्षदों में मिल रहे उत्साहजनक देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पार्षदों एवं आवेदकों की मांग पर अब प्रतियोगिताओं में प्रविष्टियां 19 नवंबर तक स्वीकार की जाएंगी।

प्रतिभागियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव कर अब सभी सातों श्रेणियों में दीपावली के दौरान की गई सजावट की मोबाइल गैलरी में पहले से सुरक्षित तस्वीरें भी अपलोड की जा सकेंगी। यानी जिन नागरिकों, व्यापारियों एवं संस्थानों ने दीपावली के अवसर पर अपने घर, प्रतिष्ठान, कार्यालय या बाजार को सजाया था और उसकी तस्वीरें अपने मोबाइल में सुरक्षित रखी हैं, वे भी अब उन तस्वीरों के माध्यम से प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। इसके लिए दोबारा सजावट करने या नई तस्वीरें लेने की आवश्यकता नहीं होगी।

उल्लेखनीय है कि जयपुर नगर निगम द्वारा इस आयोजन के अंतर्गत सात श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता, आवासीय क्षेत्रों में पारंपरिक एवं आधुनिक सजावट, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, संस्थागत प्रतिष्ठान तथा परकोटा (हेरिटेज) एवं ग्रेटर क्षेत्र के बाजार शामिल हैं।

विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार

वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता

वार्ड पार्षदों को अपने वार्ड की स्वच्छता, नवाचार एवं विशेष पहलों से संबंधित 50 सर्वश्रेष्ठ तस्वीरें प्रस्तुत करनी होंगी। विजेता वार्डों को अतिरिक्त विकास कार्यों के रूप में पुरस्कार दिए जाएंगे।

प्रथम पुरस्कार - 51 लाख के अतिरिक्त विकास कार्य।

द्वितीय पुरस्कार - 31 लाख के अतिरिक्त विकास कार्य।

तृतीय पुरस्कार - 21 लाख के अतिरिक्त विकास कार्य।

चतुर्थ से दसवां स्थान - प्रत्येक वार्ड को 11 लाख के अतिरिक्त विकास कार्य।

आवासीय क्षेत्र - पारंपरिक एवं आधुनिक सजावट

दोनों श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।

इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन

एलईडी टीवी

स्मार्टफोन

व्यावसायिक एवं संस्थागत प्रतिष्ठान तथा बाजार क्षेत्र

उत्कृष्ट सजावट एवं सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसमें परकोटा (हेरिटेज) एवं ग्रेटर क्षेत्र के बाजार भी शामिल हैं।

जयपुर नगर निगम ने सभी नागरिकों, व्यापारियों, संस्थागत प्रतिष्ठानों एवं वार्ड पार्षदों से अपील की है कि बढ़ाई गई अवधि का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में भाग लें। दीपावली के दौरान अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं बाजारों में की गई सुंदर सजावट की तस्वीरें साझा कर इस सामूहिक उत्सव का हिस्सा बनें और गुलाबी नगरी की खूबसूरती को एक नई पहचान दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…