दिल्ली विधानसभा में ‘संविधान के नायक’ नामक नाट्य प्रस्तुति का आयोजन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। भारत के संविधान अंगीकरण की 77वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में दिल्ली विधानसभा द्वारा आज ‘संविधान के नायक’ नामक नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया गया। शुक्रवार की शाम विधानसभा परिसर में रस कला मंच द्वारा इस नाटक का मंचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने की। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग और कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि इस नाटक ने संविधान सभा की बहसों और विचार-विमर्श को वर्तमान से जोड़कर हमारे सामने जीवंत कर दिया। संग्रहालय में रात के अंधेरे में जब वहाँ स्थापित प्रतिमाएँ जीवंत हुईं, तो हम संविधान के उन अनुच्छेदों के निर्माण के पीछे हुई चर्चाओं और आज के संदर्भ में उनके महत्व को समझ सके, जिन्हें हम आज पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में संविधान सभा ने दो वर्ष, ग्यारह महीने और अठारह दिनों की अवधि में कुल 165 बैठकें कीं। हमारा संविधान इसी सतत प्रयास, गहन अध्ययन और व्यापक विचार-विमर्श का परिणाम है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारतीय संविधान के बिना भारत की कल्पना करना असंभव है। 140 करोड़ की आबादी वाले हमारे देश में, जहां अनेक राज्य, भाषाएं, बोलियां, परंपराएं और संस्कृतियां हैं, वहां संविधान ही वह सूत्र है जो हम सभी को एकता के बंधन में बांधकर रखता है।
इस अवसर पर संविधान निर्माण की प्रक्रिया पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें संविधान सभा के सदस्यों के योगदान तथा उनके विचार-विमर्श को दिशा देने वाले लोकतांत्रिक सिद्धांतों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक अभय वर्मा तथा अन्य विधायक भी उपस्थित रहे।
रवि मोहन द्वारा परिकल्पित एवं निर्देशित ‘संविधान के नायक’ नाटक की शुरुआत अगस्त 1947 में स्वतंत्रता की ऐतिहासिक मध्यरात्रि से होती है और यह भारत की यात्रा को वर्तमान समय तक प्रस्तुत करता है। संविधान संग्रहालय की पृष्ठभूमि पर आधारित इस नाटक में डॉ. बीआर आंबेडकर, महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे महान राष्ट्रनिर्माताओं के चरित्रों को मंच पर जीवंत किया गया। इन महान विभूतियों के माध्यम से नाटक में सामाजिक असमानता, भ्रष्टाचार तथा मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के बीच संबंध जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाट्य प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव