Live VNS

डीएम व विधायक पहुंचे दालमंडी, निर्माण कार्य की जानी प्रगति, 30 दिसंबर तक काम पूरा करने के दिए निर्देश

डीएम व विधायक पहुंचे दालमंडी, निर्माण कार्य की जानी प्रगति, 30 दिसंबर तक काम पूरा करने के दिए निर्देश

BK Pathak ·

जलजमाव और सीवर की शिकायतों पर जताई चिंता, प्रतिदिन कार्यों की निगरानी के लिए अधिकारी तैनात करने को कहा

विधायक बोले- 15 दिसंबर तक सड़क को चलने योग्य बनाएं, 30 दिसंबर तक हर हाल में पूरा हो निर्माण, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण और सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर शुक्रवार को दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर संबंधित विभागों के अधिकारियों और अभियंताओं से जानकारी ली। विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 दिसंबर तक सड़क को आवागमन के योग्य बनाया जाए, जबकि 30 दिसंबर तक सीवर, पेयजल और सड़क सहित प्रमुख निर्माण कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए।

निरीक्षण के दौरान विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि बारिश के कारण परियोजना के कार्यों में देरी हुई है, लेकिन अब निर्माण कार्यों की गति जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें और तय समयसीमा के भीतर सभी जरूरी कार्य पूरे करें। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अलग से अधिकारियों की तैनाती की जाए, जो प्रतिदिन निर्माण कार्यों की प्रगति की निगरानी करें। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विधायक ने दालमंडी के स्थानीय नागरिकों की ओर से मिल रही जलजमाव और सीवर से संबंधित शिकायतों को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में पानी की निकासी की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। सीवर व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों और कारोबारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों और अभियंताओं से कहा कि निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। किसी भी विभाग की लापरवाही से पूरी परियोजना प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ निर्धारित समयसीमा का पालन करें। काशी विश्वनाथ मंदिर मार्ग पर आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना संचालित की जा रही है। परियोजना के तहत अधिकांश चिह्नित भवनों को हटाया जा चुका है और अब सड़क, सीवर तथा पेयजल से जुड़े निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान विधायक ने इन कार्यों में तेजी लाने और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने पर विशेष जोर दिया।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…