डीएम नितिका खंडेलवाल ने ली चंबा महोत्सव की तैयारियों का जायजा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई टिहरी, 20 नवंबर (हि.स.)। बादशाहीथौल में आगामी 22 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होने वाले चंबा महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मेला समिति के पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को डीएम नितिका खंडेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, दुग्ध संघ के प्रशासक व मेला समिति के अध्यक्ष सुशील रावत ने मेला स्थल पर विद्युत ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग की प्रगति की जानकारी लेते हुए महोत्सव के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पेयजल, मोबाइल शौचालय, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेला समिति की मांग पर मेला स्थल पर पेयजल टैंकर उपलब्ध रखने और आवश्यकता के अनुसार उसकी रिफिलिंग की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।डीएम ने लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग की मरम्मत एवं सुधारीकरण, वन विभाग को अपने कार्मिकों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। मेला समिति के पदाधिकारियों ने मैदान में बने पुराने मंच को हटाने की मांग रखी।
डीएम ने समिति को विधिवत आवेदन प्रस्तुत करने को कहा। कहा कि आवेदन मिलने के बाद संबंधित विभागों की संयुक्त टीम स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट के आधार पर मंच को निष्प्रयोज्य घोषित करने और नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। चंबा महोत्सव में गढ़ रत्न लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण,लोक गायिक श्वेता महरा समेत कई प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। इस मौके पर समिति के सचिव पवनेश कुमार, सभासद अरविंद मखलोगा, दीपक गुनसोला, प्रवीन रावत,यशपाल सजवाण,राहुल बिजल्वाण, अमन शाह, अनिल रमोला, रेंजर मदन रावत, एई जल संस्थान गिरीश सेमवाल मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी