चक द्राब खान में दो ट्यूबवेलों के निर्माण कार्य का डॉ. भारत भूषण ने किया शुभारंभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कठुआ, 13 नवंबर (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने गांव चक द्राब खान में दो ट्यूबवेलों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इन ट्यूबवेलों का निर्माण क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही पेयजल की मांग को पूरा करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है। इन दोनों ट्यूबवेलों के शुरू होने से चक द्राब खान के निवासियों को पेयजल की समस्या से काफी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने उनकी मांग पूरी करने और बुनियादी सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया। विधायक ने आश्वासन दिया कि कठुआ विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में विकास कार्यों को गति देने और लोगों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। इस अवसर पर मंडल प्रधान रवि अंडोत्रा, सुभाष चंद्र, जगदीश राज, शुभ करणी, पवन कुमार, रूप लाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया