चालकाें ने छोड़ा स्टीयरिंग, चिटौद में अनिश्चितकालीन धरना शुरू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
धमतरी, 12 नवंबर (हि.स.)। ड्राइवरों की तीन सूत्री मांगों को लेकर गुरुवार से देशव्यापी स्टीयरिंग छोड़ो अभियान शुरू हो गया। इसके तहत बालोद और धमतरी जिले के ड्राइवरों ने गुरुर ब्लाक के ग्राम चिटौद स्थित एफसीआई गोदाम के पास अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शन के चलते नेशनल हाईवे पर ट्रकों की लंबी कतार लग गई। महासंघ के पदाधिकारी सड़क से गुजर रहे मालवाहक गाड़ियों को रोककर उनके चालकों से हड़ताल में शामिल होने की अपील करते रहे।
छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ धमतरी के अध्यक्ष महेश मंडावी, जिला कोषाध्यक्ष नोहर सिंह साहू, जिला प्रभारी रोशनलाल साहू और सचिव खिलेश्वर ने बताया कि महासंघ में करीब 750 ड्राइवर सदस्य हैं। चालकाें की मांगों को लेकर पहले भी आंदोलन किया गया था। 25 अक्टूबर 2025 को राज्यव्यापी प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित किया गया था। इसके बाद छह नवंबर 2025 को नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में परिवहन आयुक्त और श्रम विभाग के अधिकारियों ने चालक वेलफेयर बोर्ड के गठन का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन करीब एक साल बाद भी बोर्ड का गठन नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए चालक सुरक्षा कानून लागू करने, राष्ट्रीयस्तर पर चालक आयोग गठित करने और छत्तीसगढ़ में चालक वेलफेयर बोर्ड का गठन करने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया गया है। चालकों का कहना है कि लंबे समय से उनकी सुरक्षा और कल्याण से जुड़ी मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई है। इस बार केवल आश्वासन पर आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। मांगों पर सरकार का ठोस और लिखित निर्णय आने तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान प्रदेश महामंत्री अनूप मानिकपुरी, नरेंद्र मिश्रा, बल्देश्वर साहू, राजू निषाद, मित्तल साहू, धरमपाल साहू, कन्हैया साहू सहित महासंघ के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा