Live VNS

यातायात नियमों के पालन और नशामुक्त जीवन का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

यातायात नियमों के पालन और नशामुक्त जीवन का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

धमतरी, 19 नवंबर (हि.स.)। विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नशे के दुष्परिणामों से समाज को अवगत कराने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरेंगा में शुक्रवार काे यातायात जागरूकता एवं नशामुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला यातायात प्रभारी केआर साहू के निर्देशन तथा विद्यालय के प्राचार्य नंदकिशोर साहू के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में यातायात विभाग के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी।

विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, यातायात संकेतों को समझने तथा सड़क पार करते समय सावधानी बरतने के संबंध में विस्तार से बताया गया।

अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में नशामुक्ति का संदेश देते हुए विद्यार्थियों को तंबाकू, गुटखा, शराब और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की समझाइश दी गई। साथ ही अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों सहित विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी शेषनारायण गजेंद्र ने किया। विद्यालय परिवार के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का पालन करें, नशे से दूर रहें और अपने जीवन के साथ दूसरों के जीवन को भी सुरक्षित रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…