ई-सिगरेट की बिक्री पर एक साल की जेल और एक लाख जुर्माना : डॉ. एसपी यादव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कानपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। ई-सिगरेट का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इसके उत्पादन, बिक्री और विज्ञापन पर देश में कानूनी प्रतिबंध है। नियमों का उल्लंघन करने पर एक साल तक की जेल और एक लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है। वहीं दोबारा उल्लंघन करने पर सजा तीन साल तक बढ़ सकती है। यह बातें गुरुवार को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जनपद के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. एसपी यादव ने कहीं।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जीएनके इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस और बीएनएसडी शिक्षा निकेतन, चुन्नीगंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें विद्यार्थियों को ई-सिगरेट, वेपिंग उपकरणों और तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। जनपद सलाहकार निधि वाजपेयी ने बताया कि ई-सिगरेट को सामान्य सिगरेट का सुरक्षित विकल्प समझना गलत है। इससे निकलने वाले एरोसोल में निकोटीन सहित कई हानिकारक पदार्थ हो सकते हैं। निकोटीन की लत किशोरों और युवाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 के प्रावधानों की जानकारी दी गई। बताया गया कि ई-सिगरेट के उत्पादन, निर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री, वितरण और विज्ञापन पर प्रतिबंध है। पहली बार नियम तोड़ने पर एक साल तक की जेल या एक लाख रुपये तक जुर्माना अथवा दोनों हो सकते हैं। दोबारा उल्लंघन पर तीन साल तक की जेल और पांच लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
इसके अलावा कोटपा अधिनियम 2003 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचने पर प्रतिबंध की जानकारी दी गई। शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में भी तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों को तंबाकू एवं अन्य नशीले उत्पादों से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप