Live VNS

पहले बिहारी कहलाना गाली थी, नीतीश कुमार ने दिलाया सम्मान : लेसी सिंह

पहले बिहारी कहलाना गाली थी, नीतीश कुमार ने दिलाया सम्मान : लेसी सिंह

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

किशनगंज, 12 नवंबर (हि.स.)। बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह ने गुरुवार को किशनगंज जिले के बहादुरगंज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर सराहना की।

उन्होंने कहा कि एक समय था जब बिहारी कहलाना गाली समझा जाता था, लेकिन आज बिहारियों को देशभर में सम्मान दिलाने का काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई पहचान बनाई है। बिजली, सड़क, पानी सहित बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है। मुख्यमंत्री का व्यवहार शालीन और सभी को साथ लेकर चलने वाला है। मंत्री बहादुरगंज नगर पंचायत स्थित आदर्श बालिका उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। यहां 24 नवंबर को प्रस्तावित 'सुशासन दिवस-नीतीश संवाद' कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों, युवाओं और छात्र-छात्राओं के लिए सरकार की ओर से किए गए कार्यों और उपलब्धियों को भी गिनाया।

तेजस्वी यादव के निशांत को मुख्यमंत्री बनाने संबंधी बयान पर लेसी सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव पहले अपनी पार्टी संभालें, निशांत जी की चिंता नहीं करें। वहीं, जदयू में दो गुट होने की चर्चाओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में केवल एक ही गुट है और वह नीतीश गुट है। पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट हैं।

बहादुरगंज में युवाओं के लिए इनडोर स्टेडियम की मांग पर मंत्री ने कहा कि इसकी जानकारी उन्हें अभी मिली है। वे इस मांग को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष रखेंगी और इसके लिए प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि वे इसी प्रमंडल से आती हैं और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। बहादुरगंज टाउन हॉल की जर्जर स्थिति पर भी उन्होंने आवश्यक पहल कर काम कराने का भरोसा दिया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नौशाद आलम, बिहार राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रहलाद सरकार, महादलित आयोग के अध्यक्ष मनोज ऋषि, जदयू राज्य परिषद सदस्य अहमद हुसैन, जिलाध्यक्ष फैसल अहमद, नगर अध्यक्ष बंटी सिन्हा, एहतेशाम अंजुम और हबीबुर्रहमान सहित बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…