Live VNS

नीट में 13 विद्यार्थियों की सफलता से चमका छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का एकलव्य विद्यालय

नीट में 13 विद्यार्थियों की सफलता से चमका छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का एकलव्य विद्यालय

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

धमतरी, 13 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से जिले का गौरव बढ़ाया है।

विद्यालय के जीव विज्ञान संकाय के 13 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इनमें छात्र राधेश्याम का एमबीबीएस और छात्रा डिंपल का बीएएमएस पाठ्यक्रम में चयन हुआ है। दोनों विद्यार्थियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन से विशेष आमंत्रण मिला। राष्ट्रपति से प्रत्यक्ष भेंट और उनके साथ स्मृति-चित्र खिंचवाने का अवसर उनके लिए अविस्मरणीय उपलब्धि बन गया।

चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित प्रथम चरण की काउंसलिंग में पिछड़ी जनजाति वर्ग के छात्र राधेश्याम को राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंह देव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अंबिकापुर में एमबीबीएस की सीट आवंटित हुई है। वहीं डिंपल ने बीएएमएस पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है। राधेश्याम ने कक्षा छठवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई इसी विद्यालय से की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय प्राचार्य, शिक्षकों के मार्गदर्शन, माता-पिता के प्रोत्साहन और जिला प्रशासन द्वारा संचालित विशेष नीट कोचिंग को दिया है।

उन्होंने बताया कि कक्षा बारहवीं के दौरान शिक्षकों ने उन्हें नीट की तैयारी के लिए प्रेरित किया। कोचिंग के साथ वे प्रतिदिन पांच से छह घंटे घर पर नियमित अध्ययन करते थे। उनका लक्ष्य डॉक्टर बनकर जरूरतमंद और वंचित लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। विद्यालय के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है कि इस वर्ष 13 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके अलावा जेईई मेन्स, नर्सिंग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित की है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने राधेश्याम और डिंपल सहित सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए शुक्रवार काे कहा कि राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षा में 13 विद्यार्थियों की सफलता उनकी प्रतिभा, अनुशासन और परिश्रम का प्रमाण है। आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों का चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियां किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की प्रगति में बाधा न बनें। विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि आदिवासी समुदाय में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संसाधन, अवसर और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। राधेश्याम और डिंपल की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। यह उपलब्धि साबित करती है कि ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के विद्यार्थी भी उचित अवसर मिलने पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…