जबलपुर : खेत में टूटकर गिरा बिजली का तार, करंट लगने से किसान की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जबलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में गुरुवार दोपहर बिजली करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। खेत में बिजली की लाइन जोड़ने के दौरान अचानक तार टूटकर किसान के ऊपर गिर गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही अचेत हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सिहोरा के शासकीय सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामगोपाल दहायत (35), पिता स्वर्गीय पंचम लाल दहायत, निवासी पड़रिया के रूप में हुई है। गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे रामगोपाल अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान वे बिजली की लाइन जोड़ने का प्रयास कर रहे थे। तभी अचानक बिजली का तार टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा और वे करंट की चपेट में आ गए।
हादसे के समय आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने रामगोपाल को करंट लगते देखा। उन्होंने तत्काल मौके पर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग खेत पहुंचे और गंभीर हालत में रामगोपाल को लेकर सिहोरा के शासकीय सिविल अस्पताल रवाना हुए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए इस हादसे से पड़रिया गांव में शोक व्याप्त है।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक