Live VNS

तेल आयात के बिल में 25 फीसद हिस्सेदारी वाले वाणिज्यिक वाहनों पर अब चलेगा बिजली का जोर, तैयार होगा देशव्यापी विद्युतीकरण का रोडमैप

तेल आयात के बिल में 25 फीसद हिस्सेदारी वाले वाणिज्यिक वाहनों पर अब चलेगा बिजली का जोर, तैयार होगा देशव्यापी विद्युतीकरण का रोडमैप

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- इलेक्ट्रिक ट्रकों की राह आसान करने के लिए आईआईटी मद्रास में राष्ट्रीय मंथन 21-22 जनवरी को

- जुटेंगे केंद्र और राज्य सरकारों के नीति निर्माता, वाहन निर्माता व लॉजिस्टिक्स कंपनियां

चेन्नई, 25 नवंबर (हि.स.)। भारत की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में एक है आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता। देश की सड़कों पर दौड़ने वाले मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहन इस चुनौती को और गंभीर बनाते हैं। माल ढुलाई और यात्री परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ये वाहन देश के सड़क परिवहन की कुल ईंधन खपत का लगभग 40 प्रतिशत इस्तेमाल करते हैं और भारत के कुल तेल आयात बिल में करीब 25 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखते हैं।

दरअसल, इसके बावजूद इस क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों की स्वीकार्यता अभी बेहद सीमित है। इलेक्ट्रिक ट्रक फिलहाल कुल वाणिज्यिक वाहन बिक्री का महज 0.2 प्रतिशत हैं। ऐसे में परिवहन क्षेत्र के विद्युतीकरण को गति देना भारत की ऊर्जा सुरक्षा, तेल आयात में कमी और कार्बन उत्सर्जन नियंत्रण के लिहाज से महत्वपूर्ण हो गया है। इसी चुनौती का व्यावहारिक समाधान तलाशने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास 21 और 22 जनवरी 2027 को दो दिवसीय राष्ट्रीय संवाद 'ईसीवी डायलॉग' आयोजित करेगा। जिसमें केंद्र और राज्य सरकारों के प्रतिनिधि, नीति निर्माता, वाहन निर्माता, लॉजिस्टिक्स कंपनियां, वाणिज्यिक बेड़ा संचालक और वैज्ञानिक एक मंच पर बैठकर इलेक्ट्रिक ट्रकों को अपनाने की बाधाओं, चार्जिंग नेटवर्क, वित्तपोषण और तकनीकी मानकों पर मंथन करेंगे।

इस संवाद का लक्ष्य देश में इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक परिवहन को गति देने के लिए ठोस नीतिगत सिफारिशें और राष्ट्रीय रोडमैप तैयार करना है।

तेल आयात और परिवहन की चुनौती का सीधा संबंध

भारत में सड़क परिवहन अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा है। कृषि उत्पादों से लेकर औद्योगिक कच्चे माल, उपभोक्ता वस्तुओं और निर्माण सामग्री तक की आपूर्ति का बड़ा हिस्सा ट्रकों और दूसरे वाणिज्यिक वाहनों पर निर्भर है। देश के भीतर माल की आवाजाही जितनी बढ़ रही है, उतनी ही तेजी से परिवहन क्षेत्र की ईंधन आवश्यकता भी बढ़ रही है। मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहन इस पूरी व्यवस्था में विशेष महत्व रखते हैं, क्योंकि लंबी दूरी तक भारी माल ढोने के लिए इनका व्यापक इस्तेमाल होता है।

आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रोफेसर वी. कामाकोटी ने इस चुनौती को रेखांकित करते हुए बताया कि भारत के सड़क परिवहन की ईंधन खपत में मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहनों की हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है। देश के कुल तेल आयात बिल में इनका योगदान करीब 25 प्रतिशत है। इसके बावजूद इलेक्ट्रिक ट्रकों की बिक्री कुल वाणिज्यिक वाहन बिक्री का अभी लगभग 0.2 प्रतिशत ही है।

प्रो. कामाकोटी के अनुसार, भारत वर्ष 2070 तक नेट जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यात्री वाहनों और दोपहिया-तिपहिया परिवहन में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को लेकर गतिविधियां तेज हुई हैं, मगर भारी वाणिज्यिक परिवहन का विद्युतीकरण अभी शुरुआती अवस्था में है। यह अंतर इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि भारी वाहन बड़ी मात्रा में ईंधन की खपत करते हैं। यदि इस क्षेत्र में इलेक्ट्रिक तकनीक का विस्तार होता है तो तेल आयात पर निर्भरता घटाने और परिवहन से होने वाले उत्सर्जन को कम करने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि नीति निर्माताओं, उद्योग के निर्णयकर्ताओं और शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाने का उद्देश्य वाणिज्यिक वाहन मूल्य श्रृंखला में समन्वित कार्रवाई को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से भारत के शून्य-उत्सर्जन वाणिज्यिक परिवहन की ओर संक्रमण के लिए व्यावहारिक ढांचा तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

21-22 जनवरी को जुटेगा पूरा परिवहन पारिस्थितिकी तंत्र

आईआईटी मद्रास में आयोजित होने वाला 'ईसीवी डायलॉग' इस क्षेत्र के अलग-अलग हितधारकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा। यह आयोजन भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय के संरक्षण में होगा। इसमें केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, केंद्र और राज्य सरकारों के विभागों के प्रतिनिधि, नीति निर्माता, ऑटोमोबाइल कंपनियों के नेतृत्वकर्ता, मूल उपकरण निर्माता (ओईएम), लॉजिस्टिक्स उद्यम, फ्लीट ऑपरेटर और शोधकर्ता भाग लेंगे।

इस संवाद का प्रमुख उद्देश्य यह समझना है कि इलेक्ट्रिक ट्रकों को बड़े स्तर पर अपनाने के लिए किन नीतिगत, तकनीकी और आर्थिक बाधाओं को दूर करना होगा। वाहन निर्माताओं के सामने बैटरी की लागत, वाहन की कीमत, संचालन क्षमता और तकनीकी मानकों की चुनौतियां हैं। वहीं बेड़ा संचालकों के लिए वाहन खरीदने की शुरुआती लागत, चार्जिंग की उपलब्धता, परिचालन खर्च और निवेश की वापसी महत्वपूर्ण सवाल हैं। दूसरी ओर, सरकारों और ऊर्जा क्षेत्र के सामने पर्याप्त चार्जिंग नेटवर्क, बिजली आपूर्ति, ग्रिड क्षमता और राजमार्गों पर आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की चुनौती है। इन सभी पहलुओं को अलग-अलग देखने के बजाय एक समन्वित व्यवस्था में शामिल करना इस राष्ट्रीय संवाद का केंद्रीय उद्देश्य होगा।

चार्जिंग नेटवर्क से लेकर वित्तपोषण तक बनेगी कार्ययोजना

आईआईटी मद्रास के एसोसिएट डीन (आईसीएसआर) और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर जीरो एमिशन ट्रकिंग (CoEZET) के प्रधान अन्वेषक प्रोफेसर सी.एस. शंकर राम ने वाणिज्यिक परिवहन के विद्युतीकरण को भारत की ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ा विषय बताया है। उनके अनुसार, वाणिज्यिक वाहन देश में आधे से अधिक यात्रियों और माल का परिवहन करते हैं। ऐसे में इनका विद्युतीकरण कार्बन उत्सर्जन घटाने के साथ आयातित जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने और टिकाऊ लॉजिस्टिक्स व्यवस्था विकसित करने के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक परिवहन को सफल बनाने के लिए वाहन तकनीक के विकास के साथ पूरी परिवहन व्यवस्था में बदलाव करना होगा।

इस दिशा में चार्जिंग स्टेशन कहां बनाए जाएं, लंबी दूरी के ट्रकों के लिए कितने अंतराल पर चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध हों, भारी वाहनों के लिए कितनी क्षमता की चार्जिंग व्यवस्था चाहिए और बिजली आपूर्ति को किस तरह मजबूत किया जाए, जैसे सवालों पर विचार किया जाएगा। इसके साथ बैटरी प्रणाली, वाहन सुरक्षा, तकनीकी मानक, वित्तीय सहायता और निवेश मॉडल पर भी चर्चा होगी।

प्रोफेसर सी.एस. शंकर राम के अनुसार, इस परिवर्तन को सफल बनाने के लिए वाहन निर्माता, सरकारें, बेड़ा संचालक और प्रौद्योगिकी विकासकर्ता एक-दूसरे की जरूरतों और सीमाओं को समझें, यह आवश्यक है। किसी एक पक्ष के प्रयास से इतना बड़ा बदलाव संभव नहीं है। इसके लिए नीति, तकनीक, बुनियादी ढांचे और वित्तपोषण को एक साझा कार्ययोजना में जोड़ना होगा।

शास्त्रार्थ की परंपरा में होगा विमर्श

इस आयोजन की एक विशेषता इसका संवाद प्रारूप भी है। सामान्य सम्मेलनों में जहां मुख्य भाषणों और पैनल चर्चाओं पर अधिक जोर रहता है, वहीं ईसीवी डायलॉग प्राचीन भारतीय शास्त्रार्थ परंपरा से प्रेरित संरचित विमर्श की पद्धति अपनाएगा। इसमें अलग-अलग विचारों और दृष्टिकोणों को सामने रखकर उन पर तर्कपूर्ण चर्चा की जाएगी, ताकि व्यावहारिक समाधान तक पहुंचा जा सके। आईआईटी मद्रास के इंजीनियरिंग डिजाइन विभाग में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस प्रो. कार्तिक अथमनाथन ने कहा कि इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य ऐसे हितधारकों को एक मंच पर लाना है, जो वाणिज्यिक परिवहन के विद्युतीकरण के अलग-अलग पहलुओं पर काम कर रहे हैं। इनमें केंद्र और राज्य सरकारों के विभागों से लेकर वाहन निर्माता, फ्लीट ऑपरेटर और प्रौद्योगिकी विकासकर्ता तक शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि सत्रों को भाषण केंद्रित रखने के बजाय कार्यशालाओं और विचारों के आदान-प्रदान के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रोत्साहन योजनाओं, विद्युतीकरण के लक्ष्यों, राष्ट्रीय रोडमैप, वाहन तकनीक, बैटरी सिस्टम, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, सुरक्षा मानकों, वित्तपोषण तंत्र और नेट जीरो की दिशा में संभावित रास्तों का विश्लेषण किया जाएगा।

उनके मुताबिक, इलेक्ट्रिक ट्रकों को अपनाने का सवाल सिर्फ वाहन बदलने तक सीमित नहीं है। इसके लिए पूरे वाणिज्यिक परिवहन तंत्र को नए सिरे से तैयार करना होगा। यदि वाहन उपलब्ध हों, लेकिन चार्जिंग सुविधाएं न हों तो उनका व्यावसायिक संचालन कठिन होगा। इसी तरह चार्जिंग नेटवर्क तैयार होने के बावजूद यदि वाहन खरीदने और संचालित करने की लागत अधिक रहती है तो बेड़ा संचालक निवेश करने से हिचकेंगे। इसलिए सभी पहलुओं को एक साथ रखकर समाधान निकालना जरूरी है।

इलेक्ट्रिक ट्रकों से बदलेगी लॉजिस्टिक्स की अर्थव्यवस्था

भारत में इलेक्ट्रिक ट्रकों का विस्तार परिवहन क्षेत्र की लागत संरचना और ऊर्जा खपत को प्रभावित कर सकता है। डीजल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता के कारण माल ढुलाई की लागत पर दबाव पड़ता है। इलेक्ट्रिक ट्रकों के व्यापक इस्तेमाल से इस निर्भरता को कम करने की संभावना बन सकती है। हालांकि, इसके लिए बिजली की उपलब्धता, बैटरी की लागत, वाहन की शुरुआती कीमत, चार्जिंग समय और लंबी दूरी के संचालन की व्यवहार्यता का संतुलित आकलन आवश्यक होगा।

विशेष रूप से लंबी दूरी के माल परिवहन में चार्जिंग नेटवर्क की उपलब्धता निर्णायक होगी। राजमार्गों, औद्योगिक गलियारों, बंदरगाहों और बड़े लॉजिस्टिक्स केंद्रों पर पर्याप्त क्षमता वाले चार्जिंग स्टेशन विकसित करने होंगे। साथ ही बैटरी की सुरक्षा, उसके जीवनकाल, पुनर्चक्रण और बिजली के स्रोतों से जुड़े पर्यावरणीय पहलुओं पर भी ध्यान देना होगा। ईसीवी डायलॉग इसी व्यापक चुनौती को ध्यान में रखकर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ठोस नीतिगत सिफारिशें, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए मानक संचालन प्रक्रियाएं और राष्ट्रीय संक्रमण रोडमैप विकसित करना है, जिनके आधार पर सरकार और उद्योग आगे की कार्रवाई कर सकें।

उल्लेखनीय है कि भारत के लिए वाणिज्यिक परिवहन का विद्युतीकरण ऊर्जा सुरक्षा, औद्योगिक विकास और पर्यावरणीय लक्ष्यों को जोड़ने वाला विषय है। जनवरी 2027 में आईआईटी मद्रास में होने वाला यह राष्ट्रीय संवाद अब तय करेगा कि इलेक्ट्रिक ट्रकों को प्रयोग और शुरुआती बाजार से निकालकर व्यापक व्यावसायिक परिवहन व्यवस्था का हिस्सा बनाने के लिए किन कदमों की आवश्यकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…