Live VNS

पंजाब में प्रतिभा दिखाएंगी हरियाणा की हैंडबॉल खिलाड़ी

पंजाब में प्रतिभा दिखाएंगी हरियाणा की हैंडबॉल खिलाड़ी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जींद, 21 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा की महिला हैंडबॉल खिलाड़ी अब पंजाब के संगरूर में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। इसकी तैयारी जींद के गांव दनौदा कलां स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के नेतृत्व में हैंडबॉल प्रमोशन एंड डेवलपमेंट एसोसिएशन द्वारा हरियाणा जूनियर गल्र्स हैंडबॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

हैंडबॉल प्रमोशन एंड डेवलपमेंट एसोसिएशन के महासचिव अलंकृत कंबोज ने आज दनौदा स्कूल का दौरा करके खिलाडिय़ों से बातचीत कर उनके प्रशिक्षण, रहने, खाने-पीने, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने खिलाडिय़ों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुविधाओं और खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। साथ ही शिविर में प्रशिक्षण ले रही सभी 50 खिलाडिय़ों को हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन की सिपर बोतलें भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया।

अलंकृत कंबोज ने बताया कि हरियाणा हैंडबॉल एसोसिएशन द्वारा हालही में हिसार में चयन ट्रायल आयोजित किए गए थे। इसके बाद चयनित एवं शॉर्टलिस्ट की गई लगभग 50 खिलाडिय़ों का प्रशिक्षण शिविर 23 नवंबर तक दनौदा कलां स्थित सरस्वती स्कूल में लगाया जा रहा है। इसके बाद यह खिलाड़ी 25 से 29 नवंबर तक पंजाब के संगरूर स्थित मस्तुआना साहिब में आयोजित होने वाली 48वीं एचएफआई जूनियर गल्र्स नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप में हरियाणा का नाम रोशन करेंगी।

दनौदा का यह प्रशिक्षण केंद्र पहले भी कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैंडबॉल खिलाड़ी तैयार कर चुका है। शिविर में खिलाडिय़ों के बेहतर प्रशिक्षण के लिए दो महिला शिक्षकों तथा दो महिला कोच की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें एक जूनियर हैंडबॉल ओएसपी कोच भी शामिल हैं।

एसोसिएशन ने खिलाडिय़ों की फिटनेस,चोट से बचाव और समय पर उपचार के लिए विशेष पहल करते हुए पीजीआई रोहतक से जुड़े तीन प्रशिक्षित फिजियोथेरेपिस्ट की सेवाओं की व्यवस्था की है। ये विशेषज्ञ खिलाडिय़ों की इंजरी प्रिवेंशन, रिकवरी और शारीरिक समस्याओं के समाधान में सहयोग कर रहे हैं। राष्ट्रीय चैंपियनशिप के दौरान भी खिलाडिय़ों को फिजियोथेरेपी सहायता उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि उनकी फिटनेस और प्रदर्शन बेहतर बना रहे।

महासचिव अलंकृत कंबोज ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए बताया कि हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल के मार्गदर्शन में हरियाणा हैंडबॉल में *प्रतिभा सर्वोपरि, स्वर्ण का संकल्प* के मूल मंत्र के साथ काम किया जा रहा है। खिलाडिय़ों का चयन पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के आधार पर करना तथा उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने के लिए तैयार करना एसोसिएशन की प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…