Live VNS

जबलपुर : कठौंदा में लावारिस छोड़े गए बरगद को मिलेगा नया जीवन, निगमायुक्त की पहल पर शुरू हुआ संरक्षण

जबलपुर : कठौंदा में लावारिस छोड़े गए बरगद को मिलेगा नया जीवन, निगमायुक्त की पहल पर शुरू हुआ संरक्षण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जबलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता की एक मिसाल सामने आई है। रात के अंधेरे में कठौंदा क्षेत्र में छोड़ दिए गए बरगद के पेड़ को अब नया जीवन देने की पहल की जा रही है। पेड़ में छोटी-छोटी हरी कोपलें देखकर उसके दोबारा जीवित होने की उम्मीद जगी। इसकी जानकारी मिलते ही निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया और अधिकारियों को बरगद के संरक्षण तथा उसे पुनर्जीवित करने के निर्देश दिए।

गुरुवार को मिली जानकारी के मुताबिक, किसी व्यक्ति द्वारा रात के समय बरगद के पेड़ को कठौंदा में छोड़ दिया गया था। पेड़ की स्थिति देखने पर उसमें नई कोपलें नजर आईं, जिससे उसके जीवित होने की संभावना दिखाई दी। इस सकारात्मक संकेत को गंभीरता से लेते हुए निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने अपर आयुक्त सौरभ मिश्रा, उपायुक्त शिवांगी महाजन और उद्यान अधिकारी मनीष तड़से को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निगमायुक्त ने पेड़ को अनुपयोगी समझकर छोड़ने के बजाय उसे संरक्षित करने और पुनर्जीवित करने के प्रयास करने पर जोर दिया। बरगद भारतीय संस्कृति और पर्यावरण का महत्वपूर्ण प्रतीक है। यह न केवल वातावरण को शुद्ध रखने में योगदान देता है, बल्कि पक्षियों और दूसरे जीवों को आश्रय देने के साथ जैव विविधता के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाता है।

निगमायुक्त अग्रिम कुमार की इस पहल से पर्यावरण संरक्षण के प्रति नगर निगम की संवेदनशीलता सामने आई है। यह प्रयास इस बात का संदेश भी देता है कि हरियाली बढ़ाने का मतलब केवल नए पौधे लगाना नहीं है, बल्कि पुराने और क्षतिग्रस्त वृक्षों में यदि जीवन की संभावना शेष है तो उन्हें बचाने का प्रयास करना भी उतना ही जरूरी है।

निगमायुक्त का संदेश है कि पेड़ सिर्फ हरियाली नहीं, बल्कि जीवन हैं। बरगद को पुनर्जीवित करने की यह पहल नागरिकों को भी वृक्षों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…